बिलासपुर : स्मार्ट मीटर नहीं लगाया तो कटा प्रधान का बिजली कनेक्शन
बिलासपुर : स्मार्ट मीटर नहीं लगाया तो कटा प्रधान का बिजली कनेक्शन
बिलासपुर : बिलासपुर जिले की ग्राम पंचायत कपाहड़ा में स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने पर विद्युत विभाग ने पंचायत प्रधान विनय कुमार शर्मा के घर का बिजली कनैक्शन काट दिया। विभाग की कार्रवाई से नाराज प्रधान ने कहा है कि अपनी निजी जमीन पर लगे बिजली के खंभे और तार 24 घंटे में हटाने की चेतावनी दी है। उधर, विभाग ने कार्रवाई को नियमानुसार बताया है।
प्रधान ने बताया कि गत 9 अगस्त को ग्राम पंचायत कपाहड़ा की ग्राम सभा में पुराने बिजली मीटर नहीं बदलने के संबंध में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया था। पंचायत की ओर से यह प्रस्ताव विभागीय अधिकारियों को भी भेजा गया था। इसके बावजूद स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया जारी रही। प्रधान ने आरोप लगाया कि विभाग उपभोक्ताओं की आशंकाओं का समाधान करने की बजाय उन पर स्मार्ट मीटर लगवाने का दबाव बना रहा है। प्रधान ने बताया कि विद्युत विभाग ने 14 अक्तूबर को उन्हें और उनके दिवंगत पिता के नाम पर स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने को लेकर नोटिस जारी किए थे। नोटिस में 24 घंटे के भीतर स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने पर बिजली कनैक्शन काटने की चेतावनी दी गई थी। उसके बाद विभाग ने बिजली काट दी। प्रधान ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में उन्होंने उच्च न्यायालय में भी याचिका दायर की है। घुमारवीं विद्युत विभाग के एक्सियन कर्ण चंदेल ने कहा कि स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने पर बिजली कनैक्शन काटने की चेतावनी दी गई थी। विभाग ने पूरी कार्रवाई नियमानुसार की है।