सिरमौर : इंस्टाग्राम शॉपिंग के नाम पर 5.64 लाख की ठगी..
सिरमौर : इंस्टाग्राम शॉपिंग के नाम पर 5.64 लाख की ठगी..
सराहां /सिरमौर: सोशल मीडिया पर ऑनलाइन शॉपिंग करना सिरमौर के पच्छाद क्षेत्र की एक युवती को महंगा पड़ गया। इंस्टाग्राम पर सामान खरीदने के बाद युवती को कथित तौर पर कस्टम विभाग में पार्सल फंसने का डर दिखाया गया। इसके बाद खुद को CBI और पुलिस अधिकारी बताने वाले लोगों ने कार्रवाई और गिरफ्तारी की धमकी देकर उससे कुल 5 लाख 64 हजार रुपये ठग लिए। मामले में पुलिस थाना पच्छाद में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सराहां निवासी भावना शर्मा पुत्री देवेंद्र शर्मा ने इस साइबर ठगी को लेकर साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने इंस्टाग्राम पर एक शॉपिंग पेज देखा था और वहां से सामान खरीदने के लिए पेज संचालक से संपर्क किया। बातचीत के दौरान उसे सामान भेजने का भरोसा दिलाया गया। शिकायत के मुताबिक, कुछ समय बाद युवती के पास एक फोन कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर बताया कि उसका सामान कस्टम विभाग ने पकड़ लिया है। सामान छुड़ाने के लिए जुर्माना जमा करने को कहा गया। साथ ही, पैसे नहीं देने पर मुकदमा दर्ज कराने और CBI के जरिए गिरफ्तार करवाने की धमकी भी दी गई।
इसके बाद युवती को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार फोन आने लगे। आरोप है कि कॉल करने वाले खुद को CBI और पुलिस विभाग का अधिकारी बताकर उस पर दबाव बनाते रहे। लोगों को विश्वास दिलाने और डराने के लिए आरोपियों ने अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर CBI और पुलिस अधिकारियों की तस्वीरें भी लगा रखी थीं। आरोपियों ने कथित कार्रवाई से बचने का डर दिखाकर युवती से पैसे मांगे और उसे अपने निर्देशों का पालन करने के लिए मजबूर किया। इस पूरे घटनाक्रम में शिकायतकर्ता को कुल 5,64,000 रुपये का नुकसान हुआ।
पुलिस के अनुसार, साइबर क्राइम पुलिस थाना CID शिमला से ऑनलाइन CCTNS एप्लीकेशन के माध्यम से भेजी गई जीरो एफआईआर के आधार पर पुलिस थाना पच्छाद में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।