प्रदेश के भाजपा नेता आपस मे राजनैतिक प्रतिस्पर्धा का खेल खेल रहें है – विनय कुमार
प्रदेश के भाजपा नेता आपस मे राजनैतिक प्रतिस्पर्धा का खेल खेल रहें है – विनय कुमार
शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल पर आरोप लगाया है कि वह झूठ बोल कर प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहें है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए कांग्रेस सरकार ने प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में उन स्कूलों का युक्तिकरण किया गया है जहां बच्चो की उपस्थिति न के बराबर रही है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश सरकार ने सीबीएसई शिक्षा प्रणाली शुरू कर छात्रों को अखिल भारतीय स्तर पर शिक्षा का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया है और जल्द ही प्रदेश में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल भी कार्य करना शुरू कर देंगे। विनय कुमार ने राजीव बिंदल की आज की प्रेस वार्ता पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि भाजपा आये दिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर झूठे आरोप लगाती रहती है। उन्होंने कहा है कि असल मे प्रदेश के भाजपा नेता आपस मे राजनैतिक प्रतिस्पर्धा का खेल खेल रहें है। कौन नेता प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ कितना बड़ा झूठ बोल सकता है इसी प्रतिस्पर्धा में भाजपा के नेता अपना राजनैतिक भविष्य देख रहें है। विनय कुमार ने बिंदल की आलोचना करते हुए कहा है कि पूर्व में आपदा में अवसर ढूढने वाले नेताओं को प्रदेश की चिंता नही करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों ने भाजपा को सत्ता से बाहर कर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार को चुना है और प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनहित में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश की वर्तमान वितीय स्थिति के लिये पूर्व भाजपा सरकार पूरी तरह दोषी है। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने भाजपा नेताओं को सलाह दी है कि उन्हें प्रदेशहित में केंद्र सरकार से आरडीजी बहाल करने में सहयोग करना चाहिए जिससे प्रदेश के विकास को गति मिल सकें।