ताज़ा समाचार

कुल्लू: धामण में टीडीआर बैली ब्रिज का डी-लॉन्च कार्य शुरू..

कुल्लू: राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर धामण में स्थापित 170 फीट लंबे टीडीआर बैली ब्रिज को हटाने/डिस्मेंटल करने का कार्य 4 सितंबर से 24 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान आम जनता की सुविधा एवं यातायात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला दंडाधिकारी कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने यातायात विनियमन के आदेश जारी किए हैं। जिला दंडाधिकारी ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत जारी आदेश में कहा है कि बैली ब्रिज को हटाने का कार्य पर्यटकों की आवाजाही के ऑफ-सीजन के दौरान किया जा रहा है, जब एनएच -305 पर यातायात का दबाव अपेक्षाकृत कम रहता है। इससे कार्य को सुरक्षित एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ-साथ आम जनता और पर्यटकों को होने वाली असुविधा को न्यूनतम किया जा सकेगा। जारी आदेश के अनुसार सुबह 8 से 9 बजे, 10 से 11 बजे, दोपहर 12 से 1 बजे, 2 से 3 बजे, शाम 4 से 5 बजे तथा 6 से 7 बजे तक धामण में बैली ब्रिज के स्थान पर वन-वे ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। प्रत्येक निर्धारित वन-वे अवधि के बीच सड़क मार्ग दोनों दिशाओं में यातायात की आवाजाही के लिए खुला रहेगा।

जारी आदेश में लोक निर्माण विभाग के मैकेनिकल डिवीजन, कुल्लू के अधिशासी अभियंता को कार्यस्थल एवं आसपास पर्याप्त साइन बोर्ड, चेतावनी सूचनाएं, बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक यातायात प्रबंधन उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वाहन चालकों एवं आम जनता को यातायात व्यवस्था की जानकारी मिल सके। पुलिस अधीक्षक कुल्लू को आवश्यक पुलिस बल की तैनाती कर प्रभावी यातायात विनियमन, जन सुरक्षा तथा आदेश के तहत लगाए गए प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने वाहन चालकों एवं आम जनता से अपील की है कि निर्धारित समय के दौरान यातायात विनियमन में सहयोग करें तथा मौके पर तैनात पुलिस एवं विभागीय कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed