भाजपा प्रदेश के कर्मचारियों की हितैषी बनने का ढोंग रच रही है – विनय कुमार
भाजपा प्रदेश के कर्मचारियों की हितैषी बनने का ढोंग रच रही है – विनय कुमार
शिमला : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि पूर्व भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में प्रदेश के कर्मचारियों से कुठाराघात करते हुए उनकी देनदारियों को चुकता नहीं किया था,जबकि वर्तमान सुक्खू सरकार उनकी सभी देनदारियों के प्रति पूरी तरह गंभीर है। विनय कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि उन्होंने प्रदेश की अर्थव्यवस्था का बंटाधार कर प्रदेश पर 76 हजार करोड़ से अधिक का कर्ज व कर्मचारियों की 12 हजार करोड़ से अधिक की देनदारियों को प्रदेश पर थोपा। आज भाजपा प्रदेश के कर्मचारियों की हितेषी बनने का ढोंग रच रही है। उन्होंने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश के साथ जो अन्याय उनकी केंद्र सरकार ने किया है उसके लिये प्रदेश के लोग उसे कभी माफ नहीं करेंगे। विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश के भाजपा नेताओं ने कभी भी प्रदेश की चिंता नही की। आपदा के समय भाजपा ने केवल घड़याली आंसू बहाए । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपदा राहत 1500 करोड़ की जो आर्थिक सहायता की घोषणा की थी,वह भी आज दिन तक पूरी नही हुई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सभी आपदा प्रभावित लोगों की पूरी मदद की। भाजपा के नेता आपदा के समय अपना राजनैतिक हित साधते रहें। विनय कुमार ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने आरडीजी बंद कर प्रदेश के विकास को प्रभावित करने का जो घोर अन्याय किया है उसके लिए प्रदेश के लोग उसे कभी माफ नहीं करेंगे। विनय कुमार ने प्रदेश के कर्मचारियों, पेंशनरों को आश्वासन दिया है कि उनके जितने भी बकाया व देय है उसके प्रति प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पूरी तरह संवेदनशील है और जल्द ही उन्हें चुकता किया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों से भाजपा के किसी भी दुष्प्रचार के प्रति आगह करते हुए कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों की ओपीएस बहाल कर अपना वादा पूरा किया है और आगे भी अपने सभी वादों को पूरा करेगी।