भाजपा के लोग अटैची लेकर केवल ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं – CM सुक्खू
भाजपा के लोग अटैची लेकर केवल ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं – CM सुक्खू
हिमाचल: प्रदेश विधानसभा मानसून सत्र के तीसरे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा परिसर में विपक्ष और सत्ता पक्ष ने एक-दूसरे के खिलाफ विधानसभा परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। वहीं भाजपा विधायक हाथों में अटैची लेकर विधानसभा पहुंचे और नारेबाजी की। वहीं मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हमने प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। भाजपा की तरह अटैची भरकर नौ विधायक खरीदने की राजनीति हमने नहीं की। भाजपा ने क्या किया और किस तरह की राजनीति की, उसकी सच्चाई भी अब जनता के सामने आएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा के विधायक 10-10, 15-15 की संख्या में विजिलेंस के दफ़्तर ऐसे जा रहे हैं, जैसे कोई बहुत बड़ी आज़ादी की लड़ाई लड़कर आए हों। विजिलेंस जो चीज़ माँग रही है, वह दीजिए। उसे देने में आखिर इतनी घबराहट क्यों है? साफ है कि भाजपा के विधायकों के पास अब ड्रामा करने के अलावा कुछ नहीं बचा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के लोग अटैची लेकर केवल ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता जानती है कि कौन प्रदेश के हित की लड़ाई लड़ रहा है। खाली अटैची लेकर आ गए। प्याज के दाम बढ़े हैं, अटैची में प्याज ही भर लाते या अटैची में चीनी ही भरकर ले आते। ISBT का लैंड यूज चेंज करने में क्या घोटाला हुआ है, सबको पता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक हम कुर्सी पर हैं, तब तक प्रदेश की संपदा को लुटने नहीं देंगे। हम हक की लड़ाई लड़ते हैं और हक दिलाते भी हैं।