शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब परिवारों को गुणवत्तापूर्ण उपचार सुलभ कराने के उद्देश्य से नई स्वास्थ्य बीमा नीति लाने जा रही है। इसके तहत लगभग 10 लाख परिवारों को बहुत ही कम प्रीमियम पर 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की सुविधा उपलब्ध कराने वाला हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बनेगा।
उन्होंने कहा कि नई नीति का प्रारूप इस सोच के साथ तैयार किया गया है कि प्रदेश का कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण बेहतर चिकित्सा सुविधाओं से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री ने बैठक में अधिकारियों को एम्स, नई दिल्ली के मानकों के अनुरूप सभी चिकित्सा उपकरणों की खरीद सुनिश्चित करने तथा सभी सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों के रेडियोलॉजी विभागों को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।