शिमला : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार ने देश के युवाओं,छात्रों के साथ जो धोखा किया है, उसके लिए युवा उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक हो या अन्य शैक्षणिक परीक्षाएं आज देश का इन परीक्षाओं से लोगों का भरोसा उठ गया है। आज छात्र आंदोलन के पक्ष में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कैंडल मार्च का नेतृत्व करते हुए विनय कुमार ने कहा कि भाजपा के इस शासनकाल में पेपर लीक का एक ऐसा धंधा चल रहा है जिसे भाजपा का पूरा सरंक्षण है। नीट पेपर लीक हो या सीबीएसई की कोई परीक्षा इन सब की विश्वसनीयता संदेह के घेरे में आ चुकी है।
विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस देश के युवाओं,छात्रों के साथ खड़ी है और इनके साथ हुए अन्याय के खिलाफ, छात्रों पर पुलिस की बर्बता के खिलाफ आज पूरे प्रदेश में जिला मुख्यालयों में कैंडल मार्च का आयोजन किया जा रहा है। विनय कुमार ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका बाड्रा और अन्य कांग्रेस सांसदों के साथ किये गए अमानवीय व्यवहार व आंदोलनरत युवाओं व छात्रों पर किये गए लाठीचार्ज के लिए भाजपा को माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस छात्रों की मांगों के साथ दृढता से खड़ी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के आज पद से दिए गए इस्तीफे को देर से उठाया गया कदम बताया है। उन्होंने कहा है उनके इस्तीफे से उन पर लगे नीट पेपर लीक के दाग धुले नहीं है। देश के लाखों छात्रों के भविष्य से खेलने वाले सभी गुनहगार जेल की सलाखों के पीछे किये जाने चाहिए।