शिमला: प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा द्वारा प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रस्तावित जन आंदोलन को महज एक राजनीतिक ढकोसला और जनता का ध्यान भटकाने का असफल प्रयास बताया है। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा को प्रदेश की जनता के बीच जाने से पहले नीट पेपर लीक, राम मंदिर निर्माण के नाम पर एकत्रित चंदे में अनियमितताओं तथा अपने शासनकाल की विफलताओं पर देश और प्रदेश की जनता को जवाब देना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री विनोद ज़िंटा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की आज की प्रेस वार्ता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा के किसी भी तथाकथित जन आंदोलन का प्रदेश की जनता पर कोई प्रभाव पड़ने वाला नहीं है। हिमाचल की जनता भाजपा का असली चेहरा अच्छी तरह पहचान चुकी है और उसके झूठे प्रचार व दुष्प्रचार में आने वाली नहीं है।उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले अपने नेतृत्व और कार्यशैली का आत्ममंथन करना चाहिए। आपदा जैसी संवेदनशील परिस्थितियों में भी राजनीतिक अवसर तलाशने वाली भाजपा की कार्यप्रणाली प्रदेश की जनता कभी नहीं भूली है। डॉ. राजीव बिंदल को भी ऐसे ही विवादों के चलते अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। भ्रष्टाचार और अवसरवाद की राजनीति करने वाली भाजपा अब नैतिकता का पाठ पढ़ाने की स्थिति में नहीं है। विनोद ज़िंटा ने कहा कि वास्तविकता यह है कि भाजपा के पास प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित और विकास के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है, जबकि भाजपा केवल भ्रम फैलाने और राजनीतिक अस्तित्व बचाने की कोशिश में लगी हुई है।उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा आज कई गुटों में बंटी हुई है और नेतृत्वहीनता का शिकार है। ऐसे में सत्ता में वापसी के सपने देखना केवल मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने जैसा है। प्रदेश की जनता पहले भी भाजपा के षड्यंत्रों को लोकतांत्रिक तरीके से नकार चुकी है। उपचुनावों में जनता ने भाजपा को उसकी राजनीति का उचित जवाब दिया था और आगामी विधानसभा चुनावों में भी प्रदेश की जनता भाजपा को करारी शिकस्त देकर कांग्रेस के विकास, स्थिरता और जनकल्याण की राजनीति पर अपनी मुहर लगाएगी।