ऊना: दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक-युवती की मौत

ऊना/अंब: नैहरियां-नंदपुर संपर्क मार्ग पर पंजोआ में शुक्रवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक पर सवार चचेरे भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि बाइक की चपेट में आकार सड़क किनारे पैदल जा रही एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान सक्षम ठाकुर (20) पुत्र होशियार सिंह व नेहा (22) पुत्री जयचंद निवासी चक्क बेहड़ जसवां तथा घायल महिला की पहचान सुमन देवी (60) पत्नी स्वर्गीय बलदेव चंद निवासी भवरन कंगरूही (थड़ा) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार नेहा जालंधर में नर्सिंग के अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही है। शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे वह अपने चचेरे भाई सक्षम ठाकुर के साथ बाइक पर अंब फीस जमा करवाने आ रहे थे। जब वे पंजोआ पहुंचे तो उनकी बाइक की टक्कर सड़क किनारे पैदल जा रही सुमन देवी से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालक और पीछे बैठी युवती सड़क पर काफी दूर जा गिरे, जबकि महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई। सभी घायलों को सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद सक्षम ठाकुर को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, नेहा और सुमन देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया। ऊना से नेहा को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन उसने भी दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के दो युवा बच्चों की सड़क हादसे में अचानक हुई मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed