ताज़ा समाचार

हिमाचल: टैक्सी पर गिरीं चट्टानें, 13 लोगों की मौत

हिमाचल: जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी दरकने से कुल्लू से पांगी जा रही एक टैक्सी टाटा सूमो (एचपी-01एम-2210) मलबे में दब गई। हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस अधीक्षक लाहौल स्पीति शिवानी मेहला ने इसकी पुष्टि की है। हादसे की सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके के लिए रवाना हो गए। राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था। इसी वजह से टैक्सी में सवार सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को सड़क बहाल होने के बाद वाहन पांगी की ओर रवाना हुआ, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और टैक्सी उसकी चपेट में आ गई। बचाव दल ने मलबे से एक व्यक्ति को घायल अवस्था में बाहर निकाला। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।  प्रशासन ने फिलहाल घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही यात्रियों की संख्या और हताहतों के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।

मृतकों की सूची:  बीर सिंह पुत्र सुरम चंद, गांव घिसल,साच पांगी।

     बीर सिंह पुत्र लाल चंद, गांव शुण, उदयपुर पांगी।

     बुद्धि सिंह पुत्र सांवल दास, निवासी साच।

     कमला कुमारी पत्नी बुद्धि सिंह, निवासी साच।

     अनिल कुमार पुत्र हरि कृष्ण, निवासी साच।

     रेखा पुत्री महेंद्र कुमार, गांव हिलोल, पांगी।

     सौरभ सिंह पुत्र बीर सिंह, वीपीओ हासिल, पांगी।

     अंजना पुत्री चैन सिंह, वीपीओ सत्ती, पांगी।

     सोमन अग्मो पत्नी छेरिंग दोरजे, गांव छेलिंग, उदयपुर

     आरू पुत्र छेरिंग दोरजे, गांव छेलिंग, उदयपुर।

     संजय कुमार पुत्र मोहन लाल, वीपीओ कुमार।

     हंसराज, वीपीओ धरवास।

एक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।

मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज लाहौल-स्पीति जिला के करूनाला में एक सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। वाहन में सवार सभी यात्री कुल्लू से पांगी जा रहे थे।
मुख्यमंत्री ने उपायुक्त लाहौल-स्पीति को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता और घायलों को बेहतरीन इलाज की सुविधा उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत की आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed