शिमला : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में वर्तमान कांग्रेस सरकार के समय कोई भी पेपर लीक नहीं हुआ है। प्रदेश में पूर्व भाजपा सरकार के समय पेपर लीक हुए, हमीरपुर कर्मचारी चयन बोर्ड के पेपर तक बेचे गए थे।
विनय कुमार ने केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के उस बयान पर तीव्र प्रतिक्रिया दी है जिसमें नड्डा ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में भी पेपर लीक हुए हैं।
विनय कुमार ने कहा है कि भाजपा अपनी नाकामियों, विफलताओं को छुपाने का असफल प्रयास कर रही है। भाजपा देश के युवाओं, छात्रों के गुस्से का सामना नहीं कर पा रही है। सत्ता के बल पर युवाओं, छात्रों व विपक्षी नेताओं की आवाज को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है।
विनय कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में दिसंबर 2022 में ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार बनने के तुरंत बाद जेओए आईटी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक मामला सामने आया था,इस घटना के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने हमीरपुर कर्मचारी चयन आयोग की पुरानी ली गई कई परीक्षाओं में अनियमितताएं पाए जाने के बाद फरवरी 2023 में इस आयोग को पूरी तरह भंग कर दोषियों को सलाखों के पीछे धकेला। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रदेश में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए हिमाचल सरकार ने ‘हिमाचल प्रदेश लोक परीक्षा, अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम, 2025’ लागू किया है जिसके तहत पेपर लीक में शामिल लोगों को 10 साल तक की जेल और 1 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
उन्होंने कहा है कि केंद्र सरकार को भी नीट व सीबीएसई के पेपर लीक मामलें में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को मंत्री पद से हटाना व आंदोलनरत छात्रों की मांगों को मानना चाहिए।