शिमला: लोअर बाजार सब्जी मंडी मार्ग की शीघ्र बहाली की मांग को लेकर नंदा ने नगर निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
शिमला: लोअर बाजार सब्जी मंडी मार्ग की शीघ्र बहाली की मांग को लेकर नंदा ने नगर निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
किसानों, व्यापारियों और आम जनता को राहत देने के लिए युद्धस्तर पर हो सड़क की मरम्मत : कर्ण नंदा
शिमला: भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने आज नगर निगम शिमला के आयुक्त श्री सचिन कंवल से उनके कार्यालय में भेंट कर लोअर बाजार सब्जी मंडी को जाने वाले भूस्खलन से क्षतिग्रस्त मार्ग की शीघ्र मरम्मत एवं वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।
कर्ण नंदा ने आयुक्त को बताया कि हाल ही में हुई भारी वर्षा और भूस्खलन के कारण कार्ट रोड से लोअर बाजार सब्जी मंडी को जोड़ने वाला मार्ग गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके चलते किसानों, आढ़तियों, व्यापारियों तथा आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सब्जियों एवं अन्य कृषि उत्पादों को सीधे मंडी तक नहीं पहुंचाया जा पा रहा है, जिससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है और इसका प्रभाव आम जनता तक बढ़ती सब्जियों की कीमतों के रूप में पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में यदि इस सड़क की शीघ्र मरम्मत नहीं की गई तो राजधानी शिमला की प्रमुख सब्जी मंडी में आपूर्ति प्रभावित होगी, जिससे आवश्यक खाद्य वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने आग्रह किया कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
ज्ञापन में भाजपा की ओर से मांग की गई कि क्षतिग्रस्त सड़क की युद्धस्तर पर तत्काल मरम्मत करवाई जाए, सड़क पूरी तरह बहाल होने तक किसानों और व्यापारियों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाए, कृषि उत्पादों की ढुलाई के लिए अस्थायी व्यवस्था की जाए तथा नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन के समन्वय से कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसे संवेदनशील स्थलों पर रिटेनिंग वॉल, बेहतर ड्रेनेज और ढलान संरक्षण जैसे स्थायी सुरक्षा कार्य भी किए जाएं।
नगर निगम आयुक्त श्री सचिन कंवल ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले पर विस्तार से चर्चा की तथा आश्वस्त किया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जनहित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर कर्ण नंदा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता से जुड़े हर मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी और किसानों, व्यापारियों तथा आम नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई कर प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करेगा।