हिमाचल में आपदा के दौरान मिलेगी किसी भी नेटवर्क से फोन करने की सुविधा
हिमाचल में आपदा के दौरान मिलेगी किसी भी नेटवर्क से फोन करने की सुविधा
दूरसंचार विभाग देगा इंट्रा सर्कल रोमिंग सुविधा
शिमला : हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदा के दौरान आम लोगों को फोन करने या अपने परिजनों की खैर खबर लेने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा. वे फोन में नेटवर्क नहीं मिलने पर किसी भी दूरसंचार नेटवर्क का इस्तेमाल कर सकेंगे. इसके लिए दूरसंचार विभाग द्वारा उन्हें इंट्रा सर्कल रोमिंग सुविधा प्रदान की जाएगी.
आपदा के दौरान से जान-माल की भारी क्षति होने की आशंका रहती है। किसी आपदा के समय दूरसंचार सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता की आवश्यकता होती है, यह बचाव, राहत और पुनर्वास उपायों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसलिए , दूरसंचार विभाग (हिमाचल प्रदेश एल.एस.ए) ने जानकारी दी है कि आपदा के दौरान टेलीकॉम नेटवर्क में व्यवधान की स्थिति में इंट्रा सर्कल रोमिंग (आई.सी.आर) को सक्रिय किया जा सकता है।
आपदा के दौरान, मोबाइल उपयोगकर्ता डिवाइस सेटिंग्स से मैन्युअल रूप से नेटवर्क का चयन कर सकते हैं और उपलब्ध नेटवर्क से किसी भी दूरसंचार ऑपरेटर के मोबाइल नेटवर्क का चयन कर सकते हैं। इस तरह से उपयोगकर्ता अन्य टेलीकॉम ऑपरेटर के नेटवर्क से जुड़ेंगे जिसका कवरेज उपलब्ध है और मोबाइल कनेक्टिविटी प्राप्त करेंगे।
इस सुविधा का एक फायदा यहाँ है कि एक मोबाइल उपयोगकर्ता प्रभावित क्षेत्रों में अन्य टेलीकॉम ऑपरेटर के नेटवर्क से कॉल कर सकते हैं । गौरतलब है कि वर्ष 2025 में हिमाचल प्रदेश में हुई अतिवृष्टि एवं प्राकृतिक आपदा के कारण दूरसंचार सेवाओं में उत्पन्न व्यवधान को देखते हुए, दूरसंचार विभाग (DoT) द्वारा चंबा, कुल्लू, लाहौल एवं स्पीति जिलों तथा मंडी जिले के थुनाग क्षेत्र में इंट्रा-सर्किल रोमिंग (आई.सी.आर) सुविधा सक्रिय की गई थी। जब भी इंट्रा-सर्किल रोमिंग (आई.सी.आर) सुविधा सक्रिय की जाती है, दूरसंचार विभाग द्वारा इससे संबंधित सूचना जारी की जाती है, जिसमें नागरिकों को उन प्रभावित क्षेत्रों एवं आई.सी.आर व्यवस्था की प्रभावी अवधि की जानकारी दी जाती है जहाँ यह सुविधा उपलब्ध रहेगी।