जिला प्रशासन ने हाईकोर्ट के आदेशों के अनुपालन के लिए अधिकारियों की बुलाई बैठक; न्यू शिमला में यातायात अव्यवस्था को लेकर छोटी बसों के संचालन के लिए HRTC को निर्देश
जिला प्रशासन ने हाईकोर्ट के आदेशों के अनुपालन के लिए अधिकारियों की बुलाई बैठक; न्यू शिमला में यातायात अव्यवस्था को लेकर छोटी बसों के संचालन के लिए HRTC को निर्देश
शिमला: न्यू शिमला क्षेत्र में ऑप्टिकल फाइबर बिछाने के लिए चल रही खुदाई से उत्पन्न यातायात अव्यवस्था एवं जनसुविधाओं पर पड़ रहे प्रभाव के संबंध में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन शिमला ने संबंधित विभागों एवं एजेंसियों की एक महत्वपूर्ण बैठक उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षत्र में आयोजित की गई। बैठक में उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देशों को लागू करने की दिशा में संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि न्यू शिमला क्षेत्र में ऑप्टिकल फाइबर बिछाने के लिए की जा रही खुदाई से आम जनता, स्कूली विद्यार्थियों तथा कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को हो रही कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। इसके लिए सड़क बहाल करवा दी गई है। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को न्यायालय के आदेशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुविधा, विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। सड़कों पर यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक प्रबंध करने तथा नगर निगम एवं संबंधित एजेंसियों को समन्वय स्थापित कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में न्यू शिमला मार्ग पर यातायात दबाव को देखते हुए छोटे आकार की बसों के संचालन के लिए एचआरटीसी को निर्देश दिए। इसके साथ ही उक्त क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करके यातायात को सुचारू बनाए रखने को कहा गया। उपायुक्त ने कहा कि न्यायालय के सभी निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा भविष्य में किसी भी विकास कार्य के दौरान आम जनता की सुविधा और यातायात प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। बैठक में एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) पंकज शर्मा, डीएसपी ट्रैफिक चंद्रशेखर सहित नगर निगम शिमला, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, हिमाचल पथ परिवहन निगम, विद्युत बोर्ड तथा संबंधित दूरसंचार कंपनी के प्रतिनिधियों सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।