ऑनलाइन

ई-टैक्सी के लिए 16 जून तक करें आवेदन

मण्डी: जिला रोजगार अधिकारी, मंडी अरविंद सिंह चौहान ने आज यहां बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा “राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना-2023” के अंतर्गत युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा हरित एवं स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ई-टैक्सी योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के लिए इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन माध्यम से 16 जून,2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत ई-टैक्सी की खरीद पर पात्र लाभार्थियों को वाहन लागत का 50 प्रतिशत तक अनुदान (सब्सिडी) प्रदान किया जाएगा। योजना का उद्देश्य प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को स्थायी स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा हरित हिमाचल के निर्माण में युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करना है। योजना के लिए पात्रता के अनुसार आवेदक हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी होना चाहिए। उसकी आयु 23 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उसके पास वैध कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए। आवेदक का हिमाचल प्रदेश के किसी भी रोजगार कार्यालय में कम से कम एक वर्ष से पंजीकृत होना अनिवार्य है तथा उसकी वार्षिक पारिवारिक आय तीन लाख रुपये से कम होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि योजना का लाभ उठाने के लिए इच्छुक अभ्यर्थी परिवहन विभाग के पोर्टल https://etaxihpdt.org/home पर आवश्यक दस्तावेजों सहित ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उपलब्ध सूचना के अनुसार आवेदन की अंतिम तिथि 16 जून, 2026 निर्धारित की गई है।

उन्होंने जिले के सभी पात्र एवं इच्छुक युवाओं से आग्रह किया है कि वे इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाएं तथा प्रदेश सरकार की हरित एवं स्वच्छ परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में अपना योगदान दें। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी श्रम, रोजगार एवं विदेशी नियोजन विभाग हि०प्र० 0177-2625277 अथवा जिला रोजगार कार्यालय, मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 पर कार्यालय समय के दौरान संपर्क कर सकते हैं।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed