आपदा प्रबंधन को लेकर 15 जून को होगी 10वीं मेगा मॉक एक्सरसाइज
आपदा प्रबंधन को लेकर 15 जून को होगी 10वीं मेगा मॉक एक्सरसाइज
शिमला: जिला शिमला में 15 जून को 10वीं मेगा मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा जिसमें बादल फटने, जंगल में आग और भूकंप जैसी स्थिति को लेकर आपदा प्रबंधन की तैयारियां जांची जाएँगी। मॉक एक्सरसाइज को लेकर आज जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता उपमंडल दण्डाधिकारी शिमला शहरी ओशिन शर्मा ने की, जिसमें जिला के सभी उपमंडल दण्डाधिकारी और अन्य विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। उन्होंने बताया कि मेगा मॉक एक्सरसाइज का उदेश्य जिला की आपदा प्रबंधन योजनाओं की समीक्षा करना, आपातकालीन प्रतिक्रिया योजना और मानक संचालन प्रक्रियाओं का मूल्यांकन करना, विभिन्न हितधारकों की भूमिकाओं और जिम्मेदारियों को उजागर करना और जिला स्तर पर विभिन्न हितधारकों के आपातकालीन सहायता कार्यों के बीच समन्वय को बेहतर बनाना। उन्होंने बताया कि मेगा मॉक एक्सरसाइज 15 जून को दो सत्र में आयोजित की जाएगी जिसमें पहला सत्र प्रातः 9 बजे से दोपहर 02 बजे तक तथा दूसरा सत्र सायं 6 बजे से रात 9:30 बजे तक आयोजित किये जायेंगे। बादल फटने की स्थिति को लेकर एक्सरसाइज रामपुर और सुन्नी में आयोजित की जाएगी जबकि जंगल में आग लगने की स्थिति को लेकर तारा देवी में एक्सरसाइज होगी। उन्होंने बताया कि मेगा मॉक एक्सरसाइज को लेकर 12 जून को टेबल टॉप एक्सरसाइज भी की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि उपमंडल स्तर पर एसएचओ स्तर का अधिकारी आब्जर्वर होगा। इसी प्रकार, शहरी क्षेत्रों में फील्ड आब्जर्वर सीआईएसएफ से होगा और इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में आर्मी आब्जर्वर होगा। उन्होंने बताया कि एक्सरसाइज के दौरान राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीम शहरी क्षेत्र का दौरा करेगी। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र में इंसिडेंट रिस्पांस टीम सक्रिय करने के निर्देश दिए और सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि 15 जून को मेगा मॉक एक्सरसाइज के लिए स्थान का चयन भी जल्द से जल्द कर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को सूचित करें और आब्जर्वर की तैनाती की सुनिश्चित करें और एक्सरसाइज की रिपोर्ट जल्द से जल्द जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को भेजना सुनिश्चित करें।