मण्डी की लोहारडी पंचायत को क्लीन एंड ग्रीन पंचायत श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान, पंचायत को मिली 25 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि

मण्डी : मण्डी जिला की ग्राम पंचायत लोहारडी ने पंचायतों के समग्र विकास के दृष्टिगत क्लीन एंड ग्रीन पंचायत की श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान हासिल किया है। केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय की ओर से आज नई दिल्ली में आयोजित समारोह में जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा तथा पंचायत सचिव पुष्पा देवी व रजत शर्मा ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने इस उपलब्धि के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों, पंचायत प्रतिनिधियों सहित पंचायतवासियों को बधाई दी है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय द्वारा पंचायतों के समग्र विकास के लिए 9 बिंदू चिह्नित किए गए हैं। इन्हीं में से एक क्लीन एंड ग्रीन पंचायत श्रेणी में बल्ह विकास खंड की लोहारडी पंचायत ने देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। स्वच्छता के दृष्टिगत पंचायत में प्लास्टिक कचरा एकत्र करने के लिए एक व्यक्ति को नियुक्त किया गया है, जो इसे निष्पादन के लिए आगे भेजता है। प्लास्टिक कचरे के सुव्यवस्थित निस्तारण के लिए इसे अलग-अलग करने के उद्देश्य से एक शेड भी बनाया गया है।

इसके अतिरिक्त बड़े स्तर पर पंचायत क्षेत्र में पौधारोपण किया गया है और लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। पंचायत में सौर ऊर्जा से सिंचाई की सुविधा, कूहल, स्वच्छ जल, स्वच्छ ईंधन के साथ ही शौचालयों के निर्माण व उपयोग पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। अमृत सरोवर का निर्माण भी पंचायत में किया गया है।

उन्होंने बताया कि क्लीन एंड ग्रीन पंचायत की इस मुहिम में बच्चों से लेकर बड़े-बुजुर्गों का भरपूर सहयोग पंचायत को मिला है। विशेषतौर पर महिला मंडल, युवक मंडल व स्वयं सहायता समूहों ने भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यहां के तीन महिला मंडलों धार, लोहारडी व बनौण की महिलाएं घर-घर जाकर लोगों को कूड़े के निस्तारण के प्रति जागरूक कर रही हैं।

ग्राम पंचायत लोहारडी विकास खण्ड बल्ह जिला मंडी की पंचायत है जोकि सुप्रसिद्ध माँ मुरारी माता मंदिर के नजदीक स्थित है। वर्ष 2021 में ग्राम पंचायत हल्यतार से अलग होकर यह पंचायत बनाई गई और इसकी जनसंख्या 1500 के करीब है। ग्राम पंचायत में 5 वार्ड हैं।

अपूर्व देवगन ने कहा कि ग्राम पंचायत लोहारडी ने न सिर्फ खुद को बल्कि साथ लगती पंचायतों को भी इन सब कार्यों के लिए प्रेरित किया, जिसमें उचित अपशिष्ट प्रबंधन के लिए एक दीर्घकालिक योजना, जल संरक्षण के उपाय, अधिक से अधिक पेड़ पौधे लगाना और समुदाय की निरंतर भागीदारी बनाए रखना शामिल है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed