भाजपा तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है – विनय कुमार
भाजपा तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है – विनय कुमार
शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि प्रदेश में हाल ही में संपन्न हुए शहरी निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में कांग्रेस ने व्यापक जनसमर्थन प्राप्त कर अपनी मजबूत राजनीतिक स्थिति को पुनः प्रमाणित किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 54 शहरी निकायों में से 32 निकायों में कांग्रेस समर्थित प्रतिनिधियों की जीत यह दर्शाती है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, पारदर्शी प्रशासन और विकासात्मक दृष्टिकोण पर पूर्ण विश्वास व्यक्त कर रही है। विनय कुमार ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। प्रदेशभर में बड़ी संख्या में प्रधान, उपप्रधान, बीडीसी सदस्य तथा जिला परिषद प्रतिनिधि कांग्रेस विचारधारा से जुड़े उम्मीदवारों के रूप में विजयी हुए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनावों के परिणामों का पार्टी संगठन गंभीरता से विश्लेषण करेगा ताकि भविष्य में संगठनात्मक स्तर पर और अधिक मजबूती लाई जा सके। इसके लिए चुनाव पर्यवेक्षकों, जिला कांग्रेस अध्यक्षों तथा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों से विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त की जाएगी।आगामी दिनों में प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों, जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक आयोजित कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस संगठन निरंतर विस्तार और सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रहा है। पार्टी में समर्पित, ऊर्जावान और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे लाने तथा उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपने की प्रक्रिया को और गति दी जाएगी। कांग्रेस का लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाना है। विनय कुमार ने पालमपुर नगर निगम में कांग्रेस के शानदार प्रदर्शन के लिए वहां की जनता का विशेष आभार व्यक्त किया और पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल को बधाई दी, उन्होंने सोलन, कांगड़ा और मंडी के मतदाताओं का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि कांग्रेस को प्राप्त प्रत्येक मत जनता के विश्वास और समर्थन का प्रतीक है, जिसे पार्टी पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ निभाएगी। भाजपा द्वारा नगर निगम चुनाव परिणामों को प्रदेश सरकार के खिलाफ जनादेश बताए जाने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विनय कुमार ने कहा कि भाजपा तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि तीन नगर निगमों के चुनाव परिणामों को पूरे प्रदेश का जनादेश बताना राजनीतिक अपरिपक्वता का परिचायक है। वास्तविकता यह है कि प्रदेश के अधिकांश शहरी निकायों में कांग्रेस समर्थित प्रतिनिधियों को जनसमर्थन प्राप्त हुआ है तथा पंचायती राज संस्थाओं में भी कांग्रेस विचारधारा से जुड़े उम्मीदवारों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव स्थानीय विकास, जनसेवा और क्षेत्रीय नेतृत्व के आधार पर लड़े जाते हैं तथा इन्हें किसी भी प्रकार से प्रदेश सरकार के पक्ष या विपक्ष में जनादेश के रूप में नहीं देखा जा सकता। प्रदेश की जनता ने बार-बार यह सिद्ध किया है कि वह विकास, सुशासन और जनहित की राजनीति के साथ खड़ी है तथा कांग्रेस पार्टी को अपना समर्थन दे रही है।