शिमला : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने प्रदेश के नगर निकायों के चुनावों के बाद अब पंचायतीराज संस्थाओं के पहले चरण में अधिकांश जगह कांग्रेस पार्टी से जुड़े नेताओं व कार्यकर्ताओं की जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रदेश के लोग,विशेष तौर पर ग्रामीणों ने जिस उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया है वह देश के मजबूत लोकतंत्र को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही लोकतंत्र की मजबूती के लिए कार्य किया है। लोग आज भी कांग्रेस की नीतियों व निर्णयों पर भरोसा रखते है। लोकतंत्र में जनमत सर्वोपरि है,और प्रदेश में जनमत कांग्रेस के पक्ष में है।
विनय कुमार ने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के प्रति लोगों का विश्वास बहुत ही महत्वपूर्ण है और इसके लिए कांग्रेस प्रदेश के लोगों की आभारी है।
विनय कुमार ने भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि प्रदेश के लोगों ने भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है। प्रदेश में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार द्वारा किये जा रहे जनहित के कार्यो को जो जन सर्मथन पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में मिल रहा है, वह अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में फिर से कांग्रेस की सरकार बनने की दिशा में प्रत्यक्ष प्रमाण है।