पांच हजार कर्मी करेंगे मतदान प्रक्रिया पूरी
मण्डी: जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आज यहां बताया कि मंडी जिला में पंचायतीराज संस्थाओं के स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न करवाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने मतदाताओं का आह्वान किया कि वे अपने मतदान केंद्र पर जाकर मतदान अवश्य करें।
उन्होंने बताया कि जिला परिषद के उम्मीदवार के लिए बेल्ट पेपर हल्का नीले रंग का होगा, पंचायत समिति के सदस्य के लिए बेल्ट पेपर गुलाबी रंग का होगा, प्रधान के लिए बेल्ट पेपर हल्का हरे रंग का होगा, उप प्रधान के लिए बेल्ट पेपर पीले रंग का होगा और वार्ड सदस्य के लिए बेल्ट पेपर सफेद रंग का होगा। उन्होंने अपील की कि मतदान करते समय यह ध्यान अवश्य रखें कि उम्मीदवार के चुनाव चिन्ह के बिल्कुल सामने मतपत्र पर मोहर लगाएं, ऊपर या नीचे मोहर न लगाएं अन्यथा आपका मत रद्द हो सकता है।
इस बार के चुनावों में जिला की 577 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए 2291 प्रत्याशी, उपप्रधान पद के लिए 2152 तथा 3305 वार्ड सदस्यों के लिए 4662 प्रत्याशी, 14 पंचायत समितियों में 267 सदस्यों के लिए 1027 उम्मीदवार तथा 36 जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए 183 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इनमें से कुछ प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य तथा पंचायत समिति के सदस्य निर्विरोध भी चुने जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि जिला में तीन चरणों में चुनाव के लिए कुल 3135 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। पहले चरण में लगभग पांच हजार कर्मी मतदान प्रक्रिया सम्पन्न करवाएंगे।












