मण्डी: क्रेन से टकराई तेज रफ्तार कार, तीन युवकों की मौत, दो गंभीर
मण्डी: क्रेन से टकराई तेज रफ्तार कार, तीन युवकों की मौत, दो गंभीर
मण्डी: बल्हघाटी के अंतर्गत सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, देर रात रात एक कार (नंबर HP82-8322) नेरचौक से सुंदरनगर की ओर तेज रफ्तार में जा रही थी । जब कार लोअर मार्केट नेरचौक में जेसीबी मशीन शोरूम के समीप पहुंची, तभी अचानक सड़क पर आवारा पशु आ गए । पशुओं को बचाने के प्रयास में चालक संतुलन खो बैठा और कार सड़क किनारे खड़ी क्रेन से जा टकराई ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों की प्राथमिक उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान अनिल कुमार (28) निवासी पलाही, रोहित कुमार (26) निवासी अंद्रेटा और सुभाष कुमार (35) निवासी पलाही के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल हरिश उर्फ सन्नी (23) निवासी वडमाह और पंकज कुमार निवासी पलाही को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना पर किया शोक व्यक्त
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंडी जिले के नेरचौक के पास डडौर में बीती रात हुए सड़क हादसे में तीन लोगों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों को बेहतरीन उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।