मण्डी में लगी भयंकर आग, दमकल विभाग ने एक परिवार किया रेस्क्यू
मण्डी में लगी भयंकर आग, दमकल विभाग ने एक परिवार किया रेस्क्यू
मण्डी : जिला मण्डी के जेलरोड में मांडव अस्पताल के समीप आधी रात को करीब एक बजे एक तीन मंजिला भवन में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देवा बंधु के इस भवन की दूसरी मंजिल से उठते धुएं के गुबार और आग की भीषणता ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और भवन में धुआं भरने के कारण वहां मौजूद लोगों का दम घुटने लगा। घटना के दौरान दूसरी मंजिल पर किराए के कमरे में एक दंपती अपनी नन्हीं बच्ची के साथ गहरी नींद में सोया हुआ था, जो अचानक आग की लपटों और धुएं के बीच फंस गए।
आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत और बिना समय गंवाए कमरे की खिड़की तोड़कर पति-पत्नी और मासूम बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। दमकल विभाग की सूझबूझ ने न केवल जिंदगियां बचाईं, बल्कि नीचे की मंजिल में रखे रसोई गैस सिलेंडरों को भी समय रहते बाहर खींच लिया, जिससे एक बड़ा विस्फोट होने से टल गया।
फायर स्टेशन अधिकारी कर्म चंद कश्यप ने बताया कि इस बचाव अभियान में लीडिंग फायरमैन लेख राम, चालक संजय चौहान, प्रशामक महेंद्र सिंह और राकेश कुमार ने जान जोखिम में डालकर अहम भूमिका निभाई। विभाग की त्वरित कार्रवाई से करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति को खाक होने से बचा लिया गया, हालांकि इस अग्निकांड में लगभग दो लाख रुपये का घरेलू व व्यापारिक सामान जलकर राख हो गया है। अभी आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है।