शिमला : चिट्टा तस्करी केस में SBI का लोन मैनेजर गिरफ्तार..

शिमला: जिला शिमला के थाना जुब्बल में दर्ज चिट्टा तस्करी के मामले में पुलिस को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। जांच के दौरान बैकवर्ड लिंकेज स्थापित करते हुए पुलिस ने तरुण ठाकुर (उम्र 33 वर्ष) नामक आरोपी को धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। आरोपी तरुण ठाकुर गांव चोगटाली, तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर का निवासी है और वर्तमान में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया रोहड़ू शाखा में लोन मैनेजर/फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत था। पुलिस जांच में यह पाया गया कि आरोपी मादक पदार्थ (चिट्टा/हेरोइन) की खरीद-फरोख्त में सक्रिय रूप से संलिप्त था तथा उसका सीधा संपर्क मुख्य सप्लायर लुकास उर्फ लकी निवासी अमृतसर से था। दोनों के बीच ऑनलाइन माध्यम से वित्तीय लेनदेन भी सामने आए हैं, जो इस अवैध नेटवर्क की पुष्टि करते हैं।

इससे पूर्व इस मामले में दिनांक 09.02.2026 को एक स्थानीय महिला आरोपी को 13.46 ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार किया गया था। इसके उपरांत दिनांक 17.03.2026 को बैकवर्ड लिंकिज के आधार पर मुख्य सप्लायर लुकास उर्फ लकी को गिरफ्तार किया गया। आगे दिनांक 06.04.2026 को फॉरवर्ड लिंकिज के आधार पर तीन अन्य आरोपियों—आशीष उर्फ गांधी, मनोज ठाकुर उर्फ सनी एवं खुशी राम उर्फ कुश—को गिरफ्तार किया गया।

अब तक चिट्ठा तस्करी के इस  नेटवर्क में कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

जांच के दौरान एक संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसमें अंतरराज्यीय सप्लायर, स्थानीय वितरण तंत्र तथा वित्तीय लेनदेन की स्पष्ट कड़ियां सामने आई हैं। इस कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करी के अंतरराज्यिय नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है। आरोपी को आज न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा तथा मामले में आगामी जांच जारी है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed