नरेश चौहान बोले- बगैर तथ्यों के आरोप लगाना राजेंद्र राणा की आदत

शिमला: मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा है कि जिन लोगों ने झूठ बोल कर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया है उन पर वह मानहानि के साथ साथ आपराधिक मामला दायर करने जा रहें है। उन्होंने कहा कि एक सोची समझी रणनीति के तहत उनकी स्वच्छ छवि व प्रदेश सरकार की छवि खराब करने की कोशिश की गई है जिसे किसी भी सूरत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। समाज,उनके कार्यालय, उनके मित्रों व उनके परिवार मे उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई गई है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए नरेश चौहान ने कहा कि पिछले दिनों उनके बेटे पर कुछ आपराधिक तत्वों द्वारा जानलेवा हमला कर उन्हें अगुआ करने का प्रयास किया गया था, उन लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया है और कानून के तहत आगे की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर भाजपा के प्रवक्ता राजेंद्र राणा ने एक प्रेस कांफ्रेंस में जो बातें कही है वह पूरी तरह तथ्यों से परे है। उनमें तनिक भी सच्चाई नही है। उन्होंने राणा से पूछा कि पहले तो उन्हें यह स्पष्ट करना होगा कि क्या उन्होंने पार्टी प्रवक्ता के नाते प्रेस कांफ्रेंस भाजपा प्रवक्ता के तौर पर थी या निजी तौर पर। क्या भाजपा ऐसे आपराधिक लोगों का समर्थन करती है,जो अपराध से जुड़े हो। उन्हें यह भी बताना चाहिए कि उनके इन लोगों के साथ क्या सम्बंध है। उन्होंने कहा कि भाजपा को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह हिमाचल शिमला जैसे शांत क्षेत्र में अपराधियों को संरक्षण देती है।
नरेश चौहान ने कहा कि राणा ने मुख्यमंत्री कार्यालय में नियुक्त सलाहकारों को दलाल बोला है। यह घोर आपत्ति जनक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय में नियुक्त सलाहकारों को दलाल कहना इस पर भी उनके खिलाफ मानहानि का दावा ठोका जाएगा। उन्होंने कहा कि राजेंद्र राणा ने अपने कुछ मित्रों के साथ प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने का जो असफल प्रयास किया,उसमें उन्हें मुंह की खानी पड़ी।उन्हें विधानसभा सदस्यता से हाथ धोना पड़ा। भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े। लोगों ने उन्हें नकारते हुए घर बिठा दिया। उन्होंने कहा कि राणा की मनु स्थिति को वह समझ सकते है और इसलिए आये दिनों वह मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाते रहते है। उन्होंने कहा कि बगैर तथ्यों के आरोप लगाना राणा की आदत बन गई है। उन्होंने कहा कि जिस अखबार ने उनके खिलाफ झूठी खबर लगाई है उसके खिलाफ भी वह मानहानि व आपराधिक दावा करने जा रहें है।
नरेश चौहान ने कहा कि वह पिछले 25 सालों से अधिक समय से कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़े है। युवा कांग्रेस से पीसीसी में अनेक पदों पर रहें।उन्होंने कभी भी न तो स्वार्थ की राजनीति की और न ही कभी किसी पर निजी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो भी कार्य दिया उसे उन्होंने पूरी निष्ठा व ईमानदारी से पूरा किया है। उन्होंने कहा कि उनके बेटे व उन्हें किसी संपति विवाद से जोड़ना उनके खिलाफ भाजपा का राजनैतिक षड्यंत्र है जो जल्द ही बेनकाब होगा।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed