शिमला: शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में आगामी 25 सितंबर से लेकर 29 सितंबर तक भारतीय लेखा एवं लेखापरीक्षक विभाग की वार्षिक फोटोग्राफी प्रदर्शनी ‘अभिव्यक्ति-2016’ लगने जा रही है। इस प्रदर्शनी का आयोजन राष्ट्रीय लेखा एवं लेखापरीक्षा अकादमी (NAAA) के द्वारा किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी का शुभारंभ अकादमी के महानिदेशक वाई. एन ठाकरे द्वारा किया जायेगा। पाँच दिन तक चलने वाली इस प्रदर्शनी के दौरान विभाग के अधिकारियों द्वारा खिंची गयी सर्वोत्तम फोटोग्राफ्स को प्रदर्शित किया जायेगा। फोटोग्राफ्स को चार श्रेणियों बांटा गया है :-आर्किटेक्चर, इमोशन, नेचर और ब्लैक एंड वाइट।
यह इस प्रदर्शनी का चौथा संस्करण है, जिसमे भारतीय लेखा एवं लेखापरीक्षा के समूचे 54000 कर्मचारियों में से फोटोग्राफी में गहन रूचि रखने वाले अधिकारी व अन्य कर्मचारी हिस्सा ले रहे है। यह प्रदर्शनी होने के साथ-साथ एक प्रतिस्पर्धा भी है। प्रदर्शनी में दर्शायी जाने वाली फोटोग्राफ्स को सोनी वर्ल्ड फोटोग्राफी अवार्ड 2014, 2015 से सम्मानित धीरज पॉल और हिम चैटर्जी, आर्टिस्ट और प्रोफेसर, हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी द्वरा आंकलन किया जायेगा। यह प्रदर्शनी सभी के लिए प्रातः 10 बजे से लेकर साँय 5 बजे तक निशुल्क खुली है। इस प्रदर्शनी में आने वाले दर्शक अपनी पसंद की फोटोग्राफ्स के लिए वोट भी कर सकते है। सर्वाधिक वोट प्राप्त करने वाली फोटोग्राफ्स को प्रदर्शनी के अंत में सम्मानित किया जायेगा।