सुंदरनगर: प्राकृतिक खेती के प्रदर्शन प्लॉट का किसानों व विद्यार्थियों ने किया भ्रमण

सुंदरनगर: कृषि विभाग द्वारा कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) के तत्वावधान में विकास खंड धनोटु की ग्राम पंचायत घांगल में उन्नतशील किसान श्री प्रताप सिंह के प्राकृतिक खेती के प्रदर्शन प्लॉट का भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला किन्नौर से आए किसानों ने प्राकृतिक खेती के तहत उगाई गई गेहूं एवं मटर की फसलों का अवलोकन किया तथा खेती की तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।

किसानों को प्राकृतिक खेती की विभिन्न विधियों, कम लागत में अधिक उत्पादन तथा मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रतिभागियों ने खेत में अपनाई जा रही पद्धतियों को नजदीक से देखा और अपने अनुभव साझा किए।

इसके अतिरिक्त, विकास खंड धनोटु के बीज गुणन फार्म छातर में स्थापित प्राकृतिक खेती के प्रदर्शन प्लॉट का भी भ्रमण कराया गया। इस दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनैड के छात्र-छात्राओं ने प्राकृतिक खेती में उपयोग होने वाले विभिन्न घटकों की जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों को जीवामृत एवं घनजीवामृत बनाने की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया तथा उन्होंने स्वयं इनका निर्माण कर सीखने का अनुभव प्राप्त किया।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य किसानों एवं विद्यार्थियों को प्राकृतिक खेती के प्रति प्रेरित करना तथा पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed