सिरमौर में बस खाई में गिरी; 12 लोगों की मौत; कई घायल

सिरमौर : सिरमौर ज़िला के श्री रेणुका जी विधानसभा के हरिपुरधार के पास शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक निजी बस (जीत कोच) गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार बस में 45 लोग सवार थे, जिनमें से 12 यात्रियों की मौक़े पर मृत्यु हो गई, जबकि 33 गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को  उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रैफर किया गया है। हादसा इतना भयानक था कि बस के परखच्चे उड़ गए हैं।

एसपी सिरमौर, निश्चिंत सिंह नेगी ने कहा कि सिरमौर जिले में हरिपुरधार के पास कुपवी से शिमला जा रही एक प्राइवेट बस के सड़क से नीचे गिरने से हुए हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। बस में 30-35 लोग सवार थे। और जानकारी का इंतजार है। मैं मौके पर जा रहा हूं। पुलिस और दूसरी बचाव टीमें घायलों को निकालने की कोशिश कर रही हैं।

CM सुक्खू ने बस दुर्घटना में हुई मृत्यु पर जताया शोक

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज सिरमौर ज़िला के हरिपुरधार के पास निजी बस (जीत कोच) दुर्घटना में हुई मानव क्षति पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बस शिमला से कुपवी जा रही थी। यह बस हरिपुरधार से 100 मीटर पहले अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिरी। अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में 45 लोग सवार थे, जिनमें से 12 यात्रियों की मौक़े पर मृत्यु हो गई, जबकि 33 गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को  उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रैफर किया गया है।

मुख्यमंत्री ने ज़िला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने तथा घायलों को उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने ईश्वर से दिवंगतजनों की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

हरिपुरधार बस हादसे पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने जताया शोक, नेताओं से ली स्थिति की जानकारी

शिमला: जिला सिरमौर के हरिपुरधार क्षेत्र में हुए दर्दनाक बस हादसे पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। इस हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

जगत प्रकाश नड्डा ने इस गंभीर घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल से दूरभाष के माध्यम से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने हादसे की परिस्थितियों, राहत एवं बचाव कार्यों तथा घायलों के उपचार की स्थिति पर चर्चा की और आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

नड्डा ने कहा कि इस कठिन समय में भाजपा पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और ईश्वर से प्रार्थना करती है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने जताया दुख

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने उनके विधानसभा क्षेत्र हरिपुर धार में आज हुई एक निजी बस दुर्घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है।  उन्होंने इस हादसे में मारे गए लोगों की आत्मा  की शांति की प्रार्थना परमेश्वर से की है। उन्होंने कहा है कि इस दुर्घटना से वह बहुत ही दुखी है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आज जिला कांगड़ा धर्मशाला पालमपुर के दौरे पर थे,जैसे ही उन्हें इस दुर्घटना की सूचना मिली उन्होंने अपने सारे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द करते हुए दुर्घटना स्थल को रवाना हो गए।
विनय कुमार ने इस बस हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए प्रशासन से इस हादसे में मारे गए लोगों व घायलों को हरसंभव मदद देने को कहा है।

हरिपुरधार बस हादसे पर भाजपा नेतृत्व ने जताया गहरा शोक, मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना

यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक, घायलों के इलाज में कोई कमी न रहे: डॉ. राजीव बिंदल

जिला सिरमौर के हरिपुरधार क्षेत्र में कुपवी से शिमला जा रही एक निजी बस के खाई में लुढ़क जाने से हुए भीषण हादसे पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, भाजपा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद राजीव भारद्वाज, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एवं सांसद सुरेश कश्यप ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक करीब आठ लोगों के निधन की सूचना है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अपने विस्तृत शोक संदेश में कहा कि जिला सिरमौर के हरिपुरधार में बस के लुढ़क जाने से अनेक लोगों की असमय मृत्यु होना अत्यंत दुखद, पीड़ादायक और हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे और हादसे की भयावहता से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है। डॉ. बिंदल ने बताया कि इस दुर्घटना में बहुत से लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए सोलन और नाहन के अस्पतालों की ओर भेजा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक सात मृतकों के पार्थिव शरीर हरिपुरधार पहुंच चुके हैं, जो इस हादसे की गंभीरता को दर्शाता है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि यह घटना पूरे प्रदेश के लिए गहरे शोक का विषय है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कठिन समय में प्रशासन और सरकार पूरी मुस्तैदी के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई है और घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जानी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से यह भी आग्रह किया कि पीड़ित परिवारों को त्वरित सहायता, उचित जानकारी और हरसंभव सहयोग सुनिश्चित किया जाए।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी इस हादसे को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

भाजपा सांसद एवं पूर्व मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद राजीव भारद्वाज, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और सांसद सुरेश कश्यप ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह हादसा पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाला है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी संवेदनशीलता और तत्परता बरती जाए।

भाजपा नेतृत्व ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में पार्टी पूरी संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed