शिमला: रोहड़ू में हुआ स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण
शिमला: रोहड़ू में हुआ स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण
विक्रमादित्य सिंह और प्रतिभा सिंह की उपस्थिति में भव्य समारोह में आयोजित
हिमाचल: प्रदेश के आधुनिक निर्माता राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण पुराना बस अड्डा रोहडू में किया गया। इस विशेष कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह तथा पूर्व लोकसभा सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने की। इस अवसर पर भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह एक ऐसी शक्शीयत थी जिनकी बदौलत प्रदेश एवं रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में विकास की गाथा लिखी गई है। उन्होंने कहा कि राजा साहब ने हर कठिनाइयों एवं विपरीत परिस्थितियों के बावजूद भी प्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं रखी, जो पार्टी के साथ-साथ विपक्ष के लोग भी याद करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें आज संकल्प लेना चाहिए कि उनके दिखाए हुए रास्ते पर आगे चलना है ताकि प्रदेश के विकास में कोई कमी न आए। उन्होंने क्षेत्र की जनता को विश्वास दिलाते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे जिसके लिए समय-समय पर हम प्रयासरत है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कठिनाइयां एवं विपरीत परिस्थितियां आएंगी लेकिन क्षेत्र के लोगों में विश्वास और प्यार की बागडोर बनी रहनी चाहिए।
रोहडू विधानसभा क्षेत्र में 22 सड़कों के लिए 64 करोड़ स्वीकृत लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र की 22 सड़कों के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के अंतर्गत 64 करोड़ की सड़कें स्वीकृत हुई है जिससे क्षेत्र की सड़कों का सुदृढ़ीकरण अवश्य होगा। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत सड़कों के विकास के लिए क्षेत्र में लगभग 250 से 300 करोड़ के कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि रोहडू से चिड़गांव सड़क के लिए 19 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है जिसका कार्य प्रगति पर है और जल्द ही इसे पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डोडरा क्वार सड़क के बजट पर केंद्र से रोक लगाई गई थी जिसे अब सुचारू किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त 150 की आबादी वाले गांव के लिए सड़क बनाई जाएगी लेकिन इसके लिए सभी लोगों को गिफ्ट डीड देने की आवश्यकता रहेगी। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने की भी बात कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जो भी ठेकेदार समय पर कार्य का निष्पादन नहीं करते उन्हें कार्य न दे। कार्य निष्पादन में किसी भी प्रकार की अनियमितताएं बर्दाश्त नहीं की जाएगी।