सिराज क्षेत्र की आठ ग्राम पंचायतों के लिए उठाऊ पेयजल योजना पनदोआ खड्ड से केल बागड़ी का लोकार्पण कैबिनेट मंत्री ने किया। 19 करोड़ 25 लाख रुपए की लागत से पेयजल योजना बन कर तैयार हुई है। इस योजना से आठ पंचायतों के लोगों को सुविधा मिलेगी। इनमें बाग, धरोगड़ा, ओगली, हिमरी, करयाली, डोमैहर, भराड़ा और चेबड़ी शामिल है। इस योजना से 14 हजार 658 लोगों को पेयजल आपूर्ति होगी। इसमें प्रति दिन प्रति व्यक्ति 70 लीटर पानी मुहैया करवाने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत दो स्टोरेज टैंक बनाए गए हैं जिनकी क्षमता 131500 और 85000 लीटर है। इसके साथ चार पंप हाउस बनाए गए हैं। उन्होंने कहा की करीब एक दशक पहले 15 उठाऊ पेयजल योजना का शिलान्यास किया गया था। उस समय मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह और सिंचाई मंत्री विद्या स्टोक्स थी। लेकिन इस योजना के कार्य में कई अड़चन आई मगर हमारी सरकार ने इस योजना को परिपूर्ण किया।
विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास
लोक निर्माण मंत्री ने कडारघाट से पलग सेरकड़ी सड़क का लोकार्पण भी किया। यह सड़क 6 करोड़ 61 लाख रुपए की लागत से बनकर तैयार हुई है। इस सड़क की लंबाई 5200 मीटर है। वहीं उन्होंने चेवड़ी से सेरकड़ी सड़क का लोकार्पण भी किया जोकि 36 लाख 57 हजार रुपए में बनकर तैयार हुई है और इसकी लंबाई 925 मीटर है। इसके अलावा इस दौरान चार सड़कों का शिलान्यास भी किया गया। इनमें डोमैहर से नावी सड़क 6.61 करोड़ रुपए की लागत से, कंडा से लूनू सड़क 2.24 करोड़ रुपए की लागत से, डीजीबीआर से घरेना सड़क 88 लाख 92 हजार रुपए की लागत से और शरोग से खल रोड़ 89 लाख 93 हजार रुपए से बनाकर तैयार होगा। इसके अलावा, आयुर्वेदिक हेल्थ सेंटर कडारघाट का भी लोकार्पण किया गया जिसकी कुल लागत 62.63 लाख रुपए रही।
42 महिला मंडलों को बांटी सिलाई मशीन
विक्रमादित्य सिंह ने कार्यक्रम के दौरान 42 महिला मंडलों को सिलाई मशीन वितरित की। इन महिला मंडलों में बाग, बठोरा, क्यालू, पानेवट, बरोटा, पंदोआ, द्रोगड़ा, सदोआ, डमोग, ऐशा भामनोल, ग्लाह सरैया, ऐवग, सरैया, पलगेड, कडार घाट, डोमैहर, पलग, खोब, नावी, घडेरी, बनुना, बागड़ी, हिमरी, भराड़ू, करियली, ड्रॉल, चपड़ानी, पार घिसना, नाराड़, नलाह साल, जैसी, भराड़ा, ओगली, जलोग, मालगी, मानद, कोठी, सुमा बागी, पाडियान और तलाह शामिल रहे।