कांग्रेस राज में एचआरटीसी का घाटा बड़ा, भाजपा नहीं कांग्रेस जिम्मेवार : जमवाल
कांग्रेस राज में एचआरटीसी का घाटा बड़ा, भाजपा नहीं कांग्रेस जिम्मेवार : जमवाल
शिमला : भाजपा प्रदेश मुख्यप्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने कहा कि कांग्रेस के मुख्यमंत्री लगातार भाजपा के ऊपर टिप्पणियां कर रहे हैं जो कि बेबुनियाद है। केवल मात्र जनता का ध्यान भटकाने के लिए मुख्यमंत्री ऐसी टिप्पणियां कर रहे हैं, यह तथ्य से परे है कि एचआरटीसी एवं पर्यटन निगम में जो परेशानी आ रही है वह भाजपा के कारण आ रही है। हम मुख्यमंत्री को याद दिलाना चाहेंगे कि कांग्रेस की सरकार बने हुए 3 साल हो चुके हैं और जो वादे वह करके सत्ता में आए थे उसमें से कोई वादा पूरा नहीं हुआ है, शायद एचआरटीसी और पर्यटन निगम के बारे में मुख्यमंत्री ने चिंता की होती तो आज यह समस्या उत्पन्न ना होती।
राज्य का दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक उपक्रम हिमाचल पथ परिवहन निगम घाटे में चल रहा है। घाटे को पाटने के लिए सरकार ने कई बार किराया बढ़ाया, लेकिन सरकार से मिलने वाली ग्रांट व घाटा भी इसके साथ ही दौड़ते रहे। जनता की जेब पर बोझ डालने के बावजूद यह सरकार कुछ नहीं कर पाई। हर बार किराया वृद्धि का तर्क महंगाई और घाटे को दिया गया, लेकिन हकीकत यह है कि घाटा कम होने की बजाय बढ़ता ही चला गया। वर्ष 2023-24 में निगम का घाटा 2119 करोड़ था, जो कि 2024-25 में 2200 करोड़ के करीब पहुंच चुका है। वर्तमान में एचआरटीसी के पास 3196 बसें हैं, जो 3871 रूटों पर चलती हैं। न्यूनतम किराया बढ़ाया, प्रति किमी किराया यथावत : एचआरटीसी निदेशक मंडल की सिफारिश पर 23 फरवरी को न्यूनतम किराये को 10 रुपये तक बढ़ाने की बात कैबिनेट में रखी गई थी।