अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: CM सुक्खू ने उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित की महिलाएं
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: CM सुक्खू ने उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित की महिलाएं
कांगड़ा: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिला कि 16 महिलाओं और एक गैर सरकारी संगठन को उत्कृष्ट कार्य के लिए भी सम्मानित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना की पात्र लाभार्थी शाहपुर की प्रगति को घर बनाने के लिए 3 लाख रुपये तथा मोहिनी देवी को शादी के लिए 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक भी प्रदान किए।
उन्होंने कबड्डी की तीन राष्ट्रीय महिला खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया। उन्होंने मंडी के नैना फेडरेशन, मशोबरा के ‘सबका साथ सबका विकास क्लस्टर’, पांवटा साहिब के श्री देवी साहिबा, चौंतड़ा मंडी की दीपा कुमारी, जुब्बल के जय लखदाता वीर देवता, नादौन के राधेकृष्ण, बमसन के गौरी स्वयं सहायता समूह, गोपालपुर मंडी की अल्का, चंबा के गंगा स्वयं सहायता समूह, मंडी के जय मां टुंग स्वयं सहायता समूह, शिव शक्ति स्वयं सहायता समूह रैत तथा रमा ठाकुर को भी सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के चंबी मैदान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए शाहपुर में सब जज कोर्ट, डीएसपी कार्यालय खोलने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैत को राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल बनाने, गुरु रविदास भवन शाहपुर के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये, दरीणी में जल शक्ति विभाग का सेक्शन खोलने तथा रिड़कमार में 2000 लीटर क्षमता का बल्क मिल्क कूलर स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने पीएचसी रिड़कमार को सीएचसी बनाने, सिविल अस्पताल शाहपुर में आक्सीजन प्लांट स्थापित करने, अल्ट्रासाउंड और डायलिसिस की सुविधा प्रदान करने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने पीएचसी लंज के भवन निर्माण के लिए धनराशि प्रदान करने, सिविल अस्पताल शाहपुर और पीएचसी नागनपट में डंेटिस्ट, पीएचसी चड़ी में डेंटल हाइजिनिस्ट का पद स्वीकृत करने, राजकीय महाविद्यालय लंच में बीसीए, बीवॉक तथा पीजीडीसीए कोर्स शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय शाहपुर और आईटीआई शाहपुर का नामकरण पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के नाम पर करने, राजकीय उच्च विद्यालय भनाला का नाम शहीद पवन कुमार तथा पक्का टियाला से चौरी सड़क का नाम बदल कर शहीद मिलाप सिंह जम्वाल के नाम पर रखने की घोषणा भी की। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पंचायती राज संस्थाओं से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी को दिया। उन्होंने कहा कि संविधान में यह संशोधन राजीव गांधी की सोच का प्रतीक है, जिससे महिलाओं के प्रति समाज में सकारात्मक बदलाव आया और आज महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने सबसे पहले विधानसभा और संसद में महिलाओं को आरक्षण प्रदान करने का बिल राज्य सभा में पास करवाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी महिलाओं को आरक्षण देने की पक्षधर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बेटियों को बेटों को बराबर हक प्रदान करने के लिए भूमि कानून में बदलाव किया। इसके अलावा राज्य सरकार ने पुलिस भर्ती में महिलाओं के लिए आरक्षण बढ़ाकर 30 प्रतिशत किया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत विधवा महिलाओं के बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन कर रही है ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका प्रयास रहता है कि निर्णय लेने में महिलाओं की भूमिका हो। प्रदेश सरकार महिला कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है और महिला शक्ति ही प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की नींव है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कई सुधारात्मक कदम उठा रही है लेकिन किसी भी बदलाव में समय लगता है और इस बदलाव में मंत्रिमंडल के सभी सहयोगी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समय के साथ चलना बेहद आवश्यक है।