शिमला: वरिष्ठ पत्रकार गौरव बिष्ट का आकस्मिक निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

वरिष्ठ पत्रकार विपिन काला, आनंद बौद्ध के बाद अब गौरव बिष्ट का भी इस तरह अचानक चले जाना बेहद दुखद…

शिमला: वरिष्ठ पत्रकार व हिंदुस्तान टाइम्स के राज्य ब्यूरो प्रमुख गौरव बिष्ट (50) का बीती रात उनके शिमला स्थित निवास पर ह्रदय गति रुक जाने से निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर आज उनके पैतृक स्थान रोहड़ू में ले जाया जा रहा है। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को  30 अगस्त प्रातः10:00 बजे उनके पैतृक गांव के मोक्षधाम में होगा।

वरिष्ठ पत्रकार गौरव बिष्ट अपने पीछे पत्नी व एक बेटा छोड़ गए हैं। वह बीते करीब 13 वर्षों से शिमला में हिंदुस्तान टाइम्स के राज्य ब्यूरो प्रमुख के तौर पर पदस्त थे। इससे पहले उन्होंने धर्मशाला में भी हिंदुस्तान टाइम्स के विशेष संवाददाता के रूप में सेवाएं दी थीं।

  उनके निधन से मीडिया जगत में शोक की लहर है। उनके निधन का दुःखद समाचार पाकर शिमला के पत्रकार, समाजसेवी व राजनेता शोक संवेदना प्रकट कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह और उनके कैबिनेट सहयोगियों व शिमला के विधायक हरीश जनारथा ने गौरव बिष्ठ के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित प्रदेश भाजपा के तमाम नेताओं ने भी गौरव बिष्ठ के देहांत पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

राज्यपाल ने वरिष्ठ पत्रकार गौरव बिष्ट के निधन पर शोक व्यक्त किया

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने वरिष्ठ पत्रकार गौरव बिष्ट के निधन पर शोक व्यक्त किया। उनका निधन बुधवार रात को 50 वर्ष की आयु में हुआ।
राज्यपाल ने कहा कि राज्य में पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्होंने अतुलनीय सेवाएं दी। उन्हें बतौर पत्रकार प्रदेश के महत्त्वपूर्ण मुद्दों की बेहतर समझ थी। पत्रकारिता के क्षेत्र में उच्च मापदंडों को अपनाकर उन्होंने निर्भीक होकर इस क्षेत्र में अपनी सेवाएं दीं। इस क्षेत्र में दिए गए उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियां हमेशा मार्गदर्शन के रूप में अपनाएगी।
उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।

वरिष्ठ पत्रकार विपिन काला, आनंद बौद्ध के बाद अब गौरव बिष्ट का भी इस तरह अचानक चले जाना बेहद दुखद…

अभी कुछ समय पहले लम्बी बीमारी के उपरांत दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल शिमला में 57 वर्षीय विपिन काला का जाना उसके बाद द टाईम्स ऑफ इंडिया के वरिष्ठ सहायक सम्पादक आनन्द बोध का इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल शिमला  में हृदय गति रुकने के कारण आकस्मिक निधन हो गया था। शिमला में इन वरिष्ठ पत्रकारों का यूँ कम उम्र में  जाना बेहद दुखद है। “हिम शिमला लाइव” परिवार  परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता है और  शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed