कुल्लू: अनियंत्रित होकर बोलेरो पिकअप खाई में गिरी, एक की मौत
कुल्लू: अनियंत्रित होकर बोलेरो पिकअप खाई में गिरी, एक की मौत
कुल्लू: जिला कुल्लू के उपमंडल आनी में एक जीप खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों का आनी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार सड़क दुर्घटना में घायल राम लाल ने आनी पुलिस को बताया कि वो सुबह चवाई में बस का इंतजार कर रहा था। इस दौरान सुबह करीब 8:15 बजे एक दूध इकट्ठा करने वाली बोलेरो पिकअप (HP 35 3762) गाड गांव की तरफ से आई. इस दौरान राम लाल ने बोलेरो पिकअप ड्राइवर से लिफ्ट मांगी और चेत राम के साथ गाड़ी में बैठ गया। यह बोलेरो संतोष कुमार चला रहा था। गाड़ी में पहले से ही दो व्यक्ति शोभा राम और अशोक कुमार बैठे थे।
राम लाल ने बताया कि जैसे ही बोलेरो पिकअप बंगीडवार पहुंची तो वहां मोड़ पर एक गाय खड़ी थी, जिसे बचाने के लिए बोलेरो ड्राइवर संतोष कुमार ने ब्रेक लगाई। लेकिन रफ्तार अधिक होने के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से 150 फीट नीचे ढांक में जा गिरी। जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बोलेरो सवार 4 अन्य लोग घायल हो गए। जिनका आनी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एसपी कुल्लू डॉ. गोकुल चंद्रन कार्तिकेयन ने बताया कि मृतक की पहचान अशोक कुमार (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गांव पनखड डा गाड, आनी का रहने वाला था। जबकि घायलों की पहचान संतोष कुमार (28 वर्ष), राम लाल (33 वर्ष), शोभा राम (45 वर्ष) और चेत राम (51 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी लोग कुल्लू जिले के निवासी हैं। पुलिस द्वारा मामले की जाँच की जा रही है।