बिलासपुर: पति-पत्नी की हत्या…

बिलासपुर: बरमाणा थाना के तहत ग्राम पंचायत सिकरोहा के चंदपुर गांव में अज्ञात लोगों ने दंपती की हत्या कर दी। दोनों के शव घर के पास गोशाला में मिले हैं। दोनों की गर्दन के पास तेजधार हथियार से वार किया गया है।  जानकारी के अनुसार चंदपुर गांव के रूपलाल (67) अपनी पत्नी कमला देवी (62) के साथ घर पर रह रहे थे। उनके दो बच्चे शिमला में रहते हैं। एक बेटा फोटोग्राफी का काम करता है और दूसरा टैक्सी चलाता है। रूपलाल पशुपालन करके दूध बेचते थे। रोजाना की तरह रविवार सुबह जब रूपलाल दूध बेचने के लिए सड़क पर नहीं पहुंचे तो ग्रामीण उनके घर गए। घर पर दोनों नहीं मिले तो ग्रामीणों ने घर के साथ बनी गोशाला में जाकर देखा तो वहां दोनों के शव खून से लथपथ अवस्था में पड़े हुए थे। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। शवों का निरीक्षण करने पर दोनों की गर्दनों के पास तेजधार हथियार के वार के गहरे निशान मिले। एम्स बिलासपुर के विशेषज्ञों ने शवों का पोस्टमार्टम किया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। वहीं, जिस घर में वारदात हुई है, उसके काफी दूर तक दूसरा कोई अन्य मकान नहीं है। इसके चलते किसी को वारदात का पता भी नहीं चला। डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। हत्या के आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed