सरकार बचाने का नहीं, भाजपा को सबक़ सिखाने का चुनावः सीएम

शाहपुर के चंबी में मुख्यमंत्री ने भाजपा पर बोला हमला
शाहपुरः मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के चंबी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार का चुनाव ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीतिक मंडी में कांग्रेस के छह विधायक बिके हैं और नोटों के दम पर सरकार को गिराने का षड्यंत्र हुआ है। उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण चुनाव नहीं रहे बल्कि ख़रीद-फरोख्त की राजनीति को सबक़ सिखाने का चुनाव है। लोकतंत्र में जनता ही असली ताक़त है और जनता ही धनबल का मुक़ाबला कर सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को कोई ख़तरा नहीं है, इसीलिए दो विधायकों को लोकसभा चुनाव में उतारा गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी चारों लोकसभा सीटें और विधानसभा उपचुनाव की सभी छह सीटें बड़े अंतर से जीतेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने चालीस वर्षों की सेवा के कारण पार्टी ने एक आम परिवार से राजनीति में आए व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनकर प्रदेश की सेवा का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन को बहाल किया गया और सरकारी क्षेत्र में 22 हजार पद पर भर्ती शुरू की गई, जबकि पिछली सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में मात्र 20 हजार सरकारी पद भरे गए। पिछली सरकार के कार्यकाल में अधिकतर भर्ती अदालती लड़ाई में फँसी रही, जिन्हें कांग्रेस सरकार ने सुलझाया और अब युवाओं को रोज़गार मिलने का रास्ता साफ हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की महिलाओं को 1500 रुपए पेंशन देने की योजना लागू की, लेकिन भाजपा इसे रुकवाने के लिए चुनाव आयोग के पास पहुँच गई। उन्होंने कहा कि अगर अनुमति मिली तो चौबीस घंटों में महिलाओं को पेंशन के 1500 रुपए उनके खाते में डाले जाएँगे और अगर अनुमति नहीं मिली तो जून में दो किश्तों के 3000 रुपए प्रदान किए जाएँगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अनाथ बच्चों, विधवाओं और बुजुर्गों के कल्याण के लिए योजनाएँ बनाई हैं। गाय के दूध की ख़रीद 45 रुपए और भैंस के दूध की ख़रीद 55 रुपए प्रति लीटर के दाम कर की जा रही है। प्राकृतिक खेती से उत्पन्न गेहूं को 40 रुपए और मक्की को 30 रुपए प्रति किलो की दर से ख़रीदा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बने भ्रष्टाचार के दरवाज़ों को बंद करके राज्य सरकार ने 2200 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व कमाया है, जिसे अब योजनाओं के माध्यम से लोगों में बाँटा जा रहा है।

बिकाऊ विधायकों ने भाजपा का कमल ही खरीद लिया : मुख्यमंत्री

जो कांग्रेस के नहीं हुए भाजपा के क्या होंगे, धनबल को हराये जनता

मुख्यमंत्री ने धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में तूफानी दौरा कर चुनाव प्रचार को दी धार

धर्मशाला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार शाम धर्मशाला में तूफानी दौरा कर कांग्रेस उम्मीदवार देवेंद्र जग्गी के चुनाव प्रचार को धार दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के बिकाऊ विधायकों ने भाजपा का कमल ही खरीद लिया। वह खुद तो बिके, भाजपा के ईमानदार कार्यकर्ताओं के लिए विचित्र स्थिति उत्पन्न कर दी। मेरा भाजपा कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि पार्टी विचारधारा से ऊपर उठकर कांग्रेस के ईमानदार उम्मीदवारों को वोट दें। 

मुख्यमंत्री ने मैक्लोडगंज बस स्टैंड, तिब्बती समुदाय के मैक्लोडगंज हॉल और होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के कार्यक्रम में भाजपा के बिकाऊ विधायकों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस के नहीं हुए, वे भाजपा के भी नहीं होंगे। बिके हुए विधायक भाजपा को भी धोखा देंगे। इनकी फितरत धोखेबाजी की है। भाजपा की राजनीतिक मंडी में इन्होंने अपनी बोली लगाई है। धर्मशाला का बिका हुआ विधायक सरगना होने के साथ सबसे बड़ा भू माफिया है। वह पिछले तीन साल से अपने ड्राइवर नेक राम के नाम से जमीनें खरीदता रहा। दस करोड़ रुपये में 72 संपत्तियां खरीदी हैं। सुधीर की विदेश में भी बेनामी संपत्ति है। 

धर्मशाला के पूर्व विधायक ने 14 महीने तक अपना फोन और घर के दरवाजे बंद रखे। किसी के सुख दुःख में शामिल नहीं हुए। अब घर-घर जाकर रो रहे हैं, लोगों की मिन्नतें कर रहे हैं, लेकिन रोना धोना काम नहीं आएगा। लोगों ने धनबल की राजनीति को हराने का मन बना लिया है। देवेंद्र जग्गी ईमानदार आदमी हैं, उन पर कोई सवाल नहीं उठा सकता। 15 महीने के कार्यकाल में मैंने खुद धर्मशाला में विकास कार्य करवाए हैं। स्मार्ट सिटी का प्रोजेक्ट खुद स्पीड अप करवाया। ढंगवार में 250 करोड़ रुपये का मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट दिया। 500 करोड़ रुपये का यूनिटी मॉल लाए। बिकाऊ विधायक ने धर्मशाला के विकास में कोई योगदान नहीं दिया। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मशाला के विकास को मैं और जग्गी मिलकर और गति देंगे। जग्गी को जिताकर भेजिये धर्मशाला की सूरत बदल दी जाएगी। चुनाव बाद आप देखेंगे धर्मशाला में पूर्व विधायक ने जिन क्षेत्रों को नजरअंदाज किया है, वहां विकास की बयार बहेगी। चुनाव परिणाम के बाद धर्मशाला में दोबारा आऊंगा, हर क्षेत्र का दौरा कर विकास को नई दिशा देंगे। जनता से यही अनुरोध है कि धनबल की राजनीति को हराना है, जनता की ताकत ही असली ताकत है। इस दौरान विधानसभा उम्मीदवार देवेंद्र जग्गी, विजय इंद्र कर्ण, नीनू शर्मा सहित विभिन्न नेता मौजूद रहे। 

सम्बंधित समाचार

Comments are closed