लोगों की भावनाओं से खेलना भाजपा की आदत – संजय अवस्थी

शिमला: प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष एवं मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी  ने  पालमपुर की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि  भाजपा इस घटना का कोई राजनैतिक लाभ नहीं ले सकती। उन्होंने कहा है कि यह घटना बहुत ही दुखदाई है ।  पुलिस ने  आरोपी को पकड़ लिया है और उसे कानून के तहत कठोर सजा दी जाएगी। इस  घटना को प्रदेश की कानून व्यवस्था के साथ जोड़ कर कदापि नहीं देखा जाना चाहिए,जैसा कि भाजपा के नेता  जगह जगह अपनी चुनावी जनसभाओं में इस घटना के बाद प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

संजय अवस्थी ने कहा है कि सरकार पीड़ित महिला व उनके परिवार के साथ खड़ी है और उसे पूरा न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी । उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पीड़ित परिवार से मिल कर घायल युवती के स्वास्थ्य उपचार का पूरा खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन करने की पहले ही घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसी घटनाएं बहुत ही दुखदाई होती है पर ऐसी किसी भी घटना पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए।

संजय अवस्थी ने कहा है कि इस समय प्रदेश में भाजपा के पास चुनावों के लिये कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने  कहा कि लोगों की भावनाओं से खेलना भाजपा की आदत है।  उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा ने जिस प्रकार से ऑपरेश लोटस को अंजाम देने की कोशिश की थी,उसमें वह बुरी तरह विफल हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा का चरित्र व चेहरा प्रदेश के लोगों के सामने आ चुका है।

संजय अवस्थी ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा है भाजपा प्रदेश में अपने राजनैतिक उद्देश्य के लिये लोगों को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा है कि  भाजपा ने जिस प्रकार प्रदेश में कांग्रेस सरकार को एक षड्यंत्र के तहत अस्थिर करने की असफल प्रयास किया, उससे भाजपा पूरी तरह बैकफुट पर आ गई है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के पास पूर्ण बहुमत है और इसे कोई खतरा नहीं है। चुनाव परिणामों के बाद प्रदेश की कांग्रेस सरकार ओर भी मजबूत होगी।  कांग्रेस इस बार प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों के साथ साथ छह विधानसभा उप चुनावों में अपनी जीत का परचम लहरायेगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed