केंद्र सरकार के तानशाही फरमानों से न तो राहुल गांधी कमजोर पड़ सकते हैं और न ही कांग्रेस : प्रतिभा सिंह

शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाया है कि वह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ राजनैतिक प्रतिशोध की भावना से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार राहुल गांधी की आवाज को नहीं दबा सकती। देश में पूरी कांग्रेस राहुल गांधी के साथ खड़ी है।

प्रतिभा सिंह ने राहुल गांधी के सरकारी निवास को अप्रैल में खाली करने के फरमान पर हैरानी जताते हुए कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार राहुल गांधी के खिलाफ जिस जल्दबाजी में फैसले ले रही है उससे साफ है कि भाजपा राहुल गांधी से बुरी तरह डरी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास राहुल गांधी के सवालों का जवाब नहीं है और इन सवालों से बचने के लिए लोगों का ध्यान हटाने के मकसद से यह सब किया जा रहा है

प्रतिभा सिंह ने कहा है कि देश के इतिहास में पहली बार किसी सांसद पर इस प्रकार की त्वरित कार्यवाही की गई है जिसमें मानहानि के मामले में दोषी ठहराने के तुरंत बाद लोकसभा की सदस्यता से बाहर करना व उसके तीन दिनों के भीतर सरकारी आवास खाली करने का फरमान जारी हुआ है । उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में एक चुने हुए सांसद के साथ इस प्रकार का व्यवहार बहुत ही निंदनीय है और कांग्रेस इसकी कड़ी आलोचना करती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकारें आती है, जाती है, पर इस प्रकार के अहंकार में लिये गए निर्णय राजनीति में कदापि सही नहीं माने जा सकते। लोकतंत्र में इस प्रकार की परम्पराएं सही नहीं मानी जा सकती।

प्रतिभा सिंह ने कहा है कि देश देख रहा है कि राहुल गांधी के साथ राजनैतिक प्रतिशोध के चलते किस प्रकार का अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस अन्याय का डटकर मुकाबला करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार के  तानशाही फरमानों से न तो राहुल गांधी कमजोर पड़ सकते हैं और न ही कांग्रेस। उन्होंने कहा है कि मोदी सरकार को राहुल गांधी के सभी सवालों का जवाब देश को देना ही होगा।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed