प्रतिभा सिंह के कारगिल युद्ध पर विवादित बोल…

बाद में स्पष्टीकरण का जारी किया बयान

मण्डी: नाचन विधानसभा क्षेत्र के तहत  नांडी गांव में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए संसदीय सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर पर जुबानी हमला बोलते हुए कारगिल युद्ध को ही छोटा बता दिया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा ने अपना टिकट एक पूर्व फौजी को दिया है, क्योंकि उन्होंने कारगिल युद्ध में भाग लिया था। लेकिन कारगिल युद्ध कोई बड़ा युद्ध नहीं था। सिर्फ अपनी धरती से ही पाकिस्तानियों को खदेड़ा था। ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसे पेश किया जा रहा है जैसे वे बहुत बड़े सैनिक रहे हों और विजय हासिल की हो। भाजपा ये सब सिर्फ इसलिए कर रही है ताकि सैनिकों, पूर्व सैनिकों और परिजनों के वोट हासिल कर सके। लेकिन जनता ने सोच समझकर विकास के नाम पर अपनी मुहर लगानी है।

वहीं इसके बाद प्रतिभा सिंह ने नाचन विधानसभा क्षेत्र में करीब आधा दर्जन जनसभाओं को संबोधित किया और अपने लिए वोट मांगे। उन्होंने जाच्छ में आयोजित जनसभा के दौरान कहा कि प्रदेश में जो विकास हुआ है, वो स्व. वीरभद्र सिंह और कांग्रेस पार्टी की देन है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ चुनावी मुद्दे तैयार करके लोगों को बांटने का काम करती है। कभी राम के नाम पर लोगों को गुमराह किया जाता है तो कभी मोदी के नाम पर। जो भी सपने लोगों को दिखाए गए थे वे आज दिन तक पूरे नहीं हुए हैं। इस मौके पर उनके साथ पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, प्रकाश चौधरी, गंगू राम मुसाफिर, पूर्व विधायक टेक चंद डोगरा और कांग्रेस के अन्य नेता भी मौजूद रहे।

हालांकि इसके बाद प्रतिभा सिंह की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उन्होंने कारगिल योद्धाओं पर कोई टिप्पणी नहीं की है। उन्होंने केवल इतना कहा है कि यह युद्ध भाजपा सरकार की विफलता का परिणाम था।

 

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *