सोलन : सोलन जिला के कुनिहार क्षेत्र के दोची गांव के सैनिक मनीष कुमार शहीद हो गए। उनकी शहादत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। सियाचिन ग्लेशियर में बीते सोमवार को भारी हिमस्खलन की चपेट में आए आठ जवानों में सोलन के मनीष कुमार (21) पुत्र राम स्वरूप की मौत हो गई है।
सियाचिन ग्लेशियर में सोमवार को दोपहर बाद भारी हिमस्खलन में सेना की पेट्रोलिंग पार्टी के आठ जवान व पोर्टर लापता हो गए थे। इनमें से छह की मौत हो गई है। घटना के बाद व्यापक पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया था। जिस वक्त हिमस्खलन हुआ जवान उत्तरी ग्लेशियर में थे। पोर्टर्स समेत पेट्रोलिंग पार्टी चौकी पर बीमार एक अन्य व्यक्ति को निकालने गई थी। इसी दौरान भारी हिमस्खलन हो गया। जिसकी चपेट में आकर पेट्रोलिंग पार्टी के सभी लोग दब गए।
सैन्य प्रवक्ता के अनुसार 19 हजार फुट की ऊंचाई पर सियाचिन ग्लेशियर के उत्तरी सेक्टर में काम कर रहे आठ कर्मचारी हिमस्खलन की चपेट में आ गए। सूचना पर पास के पोस्ट से बचाव टीम को तत्काल मौके पर भेजकर बचाव कार्य शुरू किया गया। बर्फ में दबे आठ लोगों को निकालकर हेलीकाप्टर से पास के सैन्य अस्पताल में पहुंचाया गया। इनमें सात की हालत गंभीर थी। इलाज के दौरान छह की मौत हो गई। इनमें चार जवान तथा दो पोर्टर शामिल हैं, जिन्होंने काफी देर तक बर्फ में दबे रहने के कारण दम तोड़ दिया।