मंडी : नशे के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने मुहिम तेज कर दी है। जोगिंद्रनगर पुलिस ने ट्रैफिक चेकिंग के दौरान दो युवकों को 24 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। दोनों आरोपी धर्मशाला के बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार जोगिंद्रनगर पुलिस बीते सोमवार शाम को जोगिंद्रनगर के पास अपरोच रोड पर ट्रैफिक चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बुलेट सवार को चेकिंग के लिए रोका गया। इस पर वह हड़बड़ा गए। तलाशी लेने पर आरोपी अभिषेक शर्मा 30 पुत्र विनोद शर्मा व नितेश कुमार 30 पुत्र बलदेव राज निवासी गांव व डाकघर दाड़ी तहसील, धर्मशाला, जिला कांगड़ा के कब्जे से 24 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम सहित दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर छानबीन शुरू कर दी है।