कांग्रेस के नेता भारत में भाषण देते हैं और तालियां पाकिस्तान में बजती हैं : जयराम ठाकुर

हमीरपुर : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को जब हार नजर आती है तब-तब कांग्रेस के बड़े नेता चुनावी मैदान में उतरने से कतराते हैं और एक दूसरे को चुनावी मैदान में धकेलते हैं। इसी कड़ी में  हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने मजबूरी में रामलाल ठाकुर को कांग्रेस पार्टी से टिकट दिया है, जो तीन बार इस क्षेत्र से चुनाव हार चुके हैं तथा अब वे हार का चौका लगाएं। मुख्यमंत्री आज हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत देहरा के गुलेर में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर जीत का चौका लगाएंगे जबकि रामलाल ठाकुर को इस बार भी हार का सामना करना पडे़गा। उन्होंने कहा कि जनता ने मन बना लिया है कि इस बार भी नरेंद्र मोदी को पूर्ण बहुमत से प्रधानमंत्री बनाएंगे क्योंकि मोदी सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में ऐसे  विकासात्मक कार्य किए हैं जो कांग्रेस लगभग छः दशकों तक सत्ता में रहकर नहीं कर पाई।

जय राम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्र एवं सैनिक विरोधी पार्टी है। यह बात कांग्रेस के घोषणा पत्र में सामने आई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में वादे किए हैं जिससे सैनिकों की शक्तियां कम होगी। वहीं कश्मीर में सैनिकों पर पत्थर फैंकने वालों पर शिकंजा नहीं कसा जाएगा, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता भारत में भाषण देते हैं और तालियां पाकिस्तान में बजती है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि कांग्रेस राष्ट्रहित नहीं केवल सत्ता हासिल करना चाहती है। उन्हांने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश को कुशल एवं मजबूत नेतृत्व दिया है, जो समय समय पर उन द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों से साबित होता है। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने बतौर सांसद क्षेत्र के लिए सराहनीय कार्य किए हैं। ऐसे में उन्हें पुनः सांसद बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने स्थानीय जनता से आग्रह किया कि अनुराग ठाकुर को भारी मतों से विजयी बनाएं।

गुलेर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सैंकड़ों लोगों ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पार्टी में शामिल हुए समस्त सदस्यों का स्वागत किया।

 

 

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *