शिमला: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने रविवार को जिला भाजपा की “कांग्रेस से हिसाब मांगो” बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक की अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर बग्गा ने की। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि प्रदेश और देश में लगातार हो रही कांग्रेस की हार से सबक लेने के स्थान पर कांग्रेस ओछी हरकतें कर रही है। दूसरों पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपनी कमियों को देखना चाहिए और अपने 60 साल का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमसे हिसाब मांगने से पहले कांग्रेस अपने सांसद और केंद्र में मंत्री रहे वीरभद्र सिंह, आनंद शर्मा, प्रतिभा सिंह, विप्लव ठाकुर, चंद्र कुमार सहित अन्य सांसदों का हिसाब जनता को दें।
भाजपा के सांसदों ने प्रदेश हित में काम किया है। अपने हलके में रहकर जनता के बीच विकास को आगे बढ़ाया। लोकसभा चुनावों में जनता के बीच जाकर सांसद और पार्टी किए गए कामों का ब्योरा देगी।










