गुटकर-मण्डी मार्ग पर निर्धारित समयावधि में यातायात रहेगा बंद

मण्डी:  मण्डी जिला के गुटकर-मंडी मार्ग पर मांगवाई गांव के समीप चेनज 250+400 पर नियंत्रित ब्लास्टिंग एवं कठोर चट्टानों की कटिंग का कार्य किए जाने के चलते 24 अक्टूबर से 21 नवंबर 2026 तक निर्धारित समयावधि में यातायात बंद रहेगा। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी मंडी डॉ मदन कुमार द्वारा मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत जारी आदेशों के अनुसार सोमवार से शनिवार तक प्रातः 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक तथा सायं 7 बजे से अगले दिन प्रातः 6:30 बजे तक मार्ग पर यातायात की आवाजाही बंद रहेगी। वहीं, रविवार को प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक तथा सायं 5 बजे से अगले दिन प्रातः 9 बजे तक यातायात बंद रहेगा। जिला प्रशासन ने आम जनता एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं तथा संबंधित विभागों एवं पुलिस के निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है और कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए आमजन का सहयोग अपेक्षित है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed