ताज़ा समाचार

शिमला: संजौली से रामपुर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का शुरू, CM सुक्खू बोले- हमीरपुर, चम्बा और पालमपुर के लिए भी जल्द शुरू होगी हेेलीकॉप्टर सेवा

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रामपुर प्रवास के दौरान किया वायदा निभाते हुए आज शिमला के संजौली से रामपुर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारम्भ किया। क्षेत्रीय सम्पर्क योजना उड़ान के अंतर्गत आरम्भ हेली-हॉप हिमाचल हेलीकॉप्टर सेवा सप्ताह में तीन दिन उपलब्ध होगी।
इस सेवा के तहत हेलीकॉप्टर प्रातः 9:55 बजे संजौली से उड़ान भरेगा और 10:30 बजे रामपुर पहुंचेगा। इसके बाद प्रातः 10:50 बजे रामपुर से रिकांगपिओ के लिए उड़ान होगी जो 11:25 बजे पहुंचेगी। वापसी में रिकांगपिओ से प्रातः 11:30 बजे उड़ान होगी और दोपहर 12:05 बजे हेलीकॉप्टर रामपुर पहुंचेगा। इसके बाद 12:10 बजे रामपुर से संजौली के लिए उड़ान होगी और दोपहर 12:45 बजे संजौली पहुंचेगी। यह सेवा सप्ताह में 3 दिन सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हमीरपुर, चम्बा और पालमपुर के लिए चार माह में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करेगी।
उन्होंने कहा कि यह पहल महज एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने का साधन नहीं, बल्कि पहाड़ों में बदलते वक्त, नई सोच और विकास की असीम संभावनाओं का प्रतीक है। इससे सफर का समय कम होगा, पर्यटन को नई गति मिलेगी, स्थानीय कारोबार को प्रोत्साहन मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल के हर कोने को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। लोगों को सुगम, सहज और समयबद्ध सम्पर्क सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए दृढ़ता से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शिमला में हवाई क्नेक्टिविटी को और सुदृढ़ करने के लिए जमीन चिन्हित करने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि हवाई सेवाओं का विस्तार किया जा सके।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि इन उड़ानों के लिए व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण की पूरी राशि राज्य सरकार वहन कर रही है। इस पर सरकार द्वारा लगभग 35.70 लाख रुपये प्रतिमाह खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘हम प्रदेश में सभी जिला मुख्यालयों सहित कुल 16 हेलीपोर्ट के निर्माण और विकास पर भी काम कर रहे हैं, ताकि हवाई परिवहन सुविधाओं का और विस्तार किया जा सके।’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कांगड़ा स्थित गग्गल हवाई अड्डे के विस्तार के लिए भी दृढ़ता से कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार द्वारा भूमि अधिग्रहण के लिए अपने स्रोतों से 2400 करोड़ रुपये की राशि लोगों को वितरित की जा चुकी हैं। इस हवाई अड्डे के विस्तार के बाद इसे हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से सभी जिला मुख्यालयों को जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने में मदद भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि हमारी सोच स्पष्ट है कि हिमाचल के दूरदराज क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधाओं से जोड़ें, लोगों का समय बचाएं और विकास के अवसरों को हर क्षेत्र तक पहुँचाया जाए।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed