पालमपुर: जीजीडीएसडी महाविद्यालय, राजपुर में नवरात्रि उत्सव की धूम
पालमपुर: जीजीडीएसडी महाविद्यालय, राजपुर में नवरात्रि उत्सव की धूम
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
पालमपुर:जी.जी.डी.एस.डी. महाविद्यालय, राजपुर में नवरात्रि उत्सव बड़े उत्साह एवं सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया गया। महाविद्यालय के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के अंतर्गत बी.कॉम. विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नवरात्रि नृत्य, पौराणिक अभिनय, नवरात्रि थीम पर मंडला कढ़ाई तथा फेस पेंटिंग प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं।
नृत्य प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने माँ दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों और नवरात्रि की परंपराओं को आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। पौराणिक अभिनय में महिषासुर वध और रक्तबीज के संहार जैसे प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन कर भारतीय पौराणिक कथाओं को जीवंत किया गया। वहीं, नवरात्रि थीम पर मंडला कढ़ाई प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कपड़े पर धागों से देवी के विभिन्न स्वरूपों एवं उनसे प्रेरित सुंदर कलाकृतियाँ बनाकर अपनी हस्तकला का परिचय दिया। फेस पेंटिंग में भी विद्यार्थियों ने रचनात्मकता और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया।
महाविद्यालय के निदेशक एवं प्राचार्य डॉ. विवेक शर्मा ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्हें भारतीय संस्कृति से जोड़ते हैं।
नवरात्रि थीम पर मंडला कढ़ाई प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान क्रमशः अंशिता (बी.ए.), तमन्ना (बी.कॉम.) और खुशबू (बी.कॉम.) ने प्राप्त किया। फेस पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान क्रमशः बी.कॉम. विभाग, बी.बी.ए. विभाग और बी.ए. विभाग ने प्राप्त किया। पौराणिक अभिनय प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान क्रमशः बी.एससी. मेडिकल विभाग, बी.ए. विभाग और बी.एससी. नॉन-मेडिकल विभाग ने प्राप्त किया। नवरात्रि नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान क्रमशः बी.सी.ए. विभाग, बी.एससी. मेडिकल विभाग, बी.एससी. नॉन-मेडिकल विभाग और बी.बी.ए. विभाग ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन बी.कॉम. विभाग के विद्यार्थियों कृष एवं सृष्टि ने आत्मविश्वास, मनोरंजक और प्रभावशाली ढंग से किया, जिसकी उपस्थित जनों ने सराहना की। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।