पालमपुर: जीजीडीएसडी महाविद्यालय राजपुर  में लीगल अवेयरनेस प्रोग्राम आयोजित

पालमपुर: गोस्वामी गणेश दत्त सनातन धर्म महाविद्यालय राजपुर में  जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांगड़ा के सहयोग से विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पालमपुर  के अधिवक्ता क्षितिज कोरला ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भारतीय संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों, साइबर अपराधों से बचाव और  गिरफ्तारी की कानूनी प्रक्रिया के संबंध में महत्त्वपूर्ण जानकारी दी।
अधिवक्ता क्षितिज कोरला ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना ‘हम, भारत के लोग’ का उल्लेख करते हुए संविधान के मूल आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने मौलिक अधिकारों के साथ जुड़े कर्तव्यों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ कानून, नियमों और सामाजिक अनुशासन का पालन भी करना चाहिए।
महाविद्यालय के निदेशक एवं प्रधानाचार्य डॉ. विवेक शर्मा ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली साइबर ठगी को लेकर भी अधिवक्ता कोरला ने जागरूक किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल अरेस्ट के नाम पर वीडियो कॉल पर किसी व्यक्ति को निगरानी में रखकर पैसे वसूलना साइबर ठगी का तरीका है।  उन्होंने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने पर जोर देते हुए बताया कि पीड़ित व्यक्ति साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर अपनी जमा पूंजी बचा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों और अध्यापकों को यह भी सलाह दी कि बैंक खाते से संबंधित किसी संदिग्ध संदेश, लेन-देन या चालान की सूचना मिलने पर उसकी प्रामाणिकता की पुष्टि अवश्य करें।  
इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ सहायक  प्राध्यापक डॉ. ध्रुव देव शर्मा ने अधिवक्ता क्षितिज कोरला का धन्यवाद किया और उनके द्वारा दी गई जानकारी को विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी अध्यापक उपस्थित थे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed