बिलासपुर की हर पंचायत में स्थापित होंगे ऑटोमेटिक रेन गेज, ब्लॉक स्तर पर लगेंगे ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन – डीसी

डिजिटल कृषि अभियान की भी हुई समीक्षा
बिलासपुर: जिले में मौसम संबंधी सटीक एवं स्थानीय स्तर का आंकड़ा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से प्रत्येक ग्राम पंचायत में ऑटोमेटिक रेन गेज तथा प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। सरकार द्वारा लिए गए इस निर्णय के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में कृषि विभाग की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने की।
उपायुक्त ने कहा कि ऑटोमेटिक रेन गेज और ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन स्थापित होने से पंचायत और ब्लॉक स्तर पर वर्षा सहित अन्य मौसम संबंधी मानकों के सटीक एवं वास्तविक समय के आंकड़े उपलब्ध होंगे। इससे जिले में मौसम संबंधी आंकड़ों के व्यवस्थित एवं वैज्ञानिक तरीके से संग्रहण की व्यवस्था मजबूत होगी और कृषि क्षेत्र के लिए स्थानीय स्तर पर अधिक सटीक मौसम संबंधी जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि इन उपकरणों से प्राप्त आंकड़े फसल बीमा योजना के तहत फसल नुकसान के आकलन और बीमा दावों के सत्यापन में महत्वपूर्ण आधार बनेंगे। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध आधिकारिक मौसम संबंधी आंकड़ों से फसल बीमा दावों की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा पात्र किसानों को बीमा दावों के निपटारे में सुविधा मिलेगी।
उपायुक्त ने कहा कि विंड्स के तहत ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन और ऑटोमेटिक रेन गेज का नेटवर्क मजबूत होने से मौसम संबंधी आंकड़ों के संग्रहण, विश्लेषण और उपयोग की व्यवस्था और बेहतर होगी। इससे किसानों को स्थानीय मौसम की अधिक सटीक जानकारी के आधार पर कृषि संबंधी सलाह उपलब्ध करवाने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कृषि विभाग सहित सभी संबंधित विभागों, खंड विकास अधिकारियों तथा पंचायत प्रतिनिधियों को ऑटोमेटिक रेन गेज और ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन की स्थापना के लिए आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को उपकरण स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने को कहा।
बैठक में जिले में चल रहे डिजिटल कृषि अभियान की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी किसानों का पंजीकरण करने, किसान पहचान पत्र बनाने तथा डिजिटल फसल सर्वेक्षण से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल कृषि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें तथा सामने आ रही समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने जिला राजस्व अधिकारियों को योजना के तहत सभी पटवारियों के माध्यम से लंबित आंकड़ों को शीघ्र अद्यतन करवाने के निर्देश जारी करने को कहा। साथ ही लोक मित्र केंद्रों को सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर किसानों के किसान पहचान पत्र बनाने के निर्देश देने को कहा।

बैठक में कृषि विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed