निर्धारित समय-सीमा में पूरा होगा रोहड़ू-डोडरा-क्वार सड़क निर्माण कार्य – विक्रमादित्य सिंह
निर्धारित समय-सीमा में पूरा होगा रोहड़ू-डोडरा-क्वार सड़क निर्माण कार्य – विक्रमादित्य सिंह
शिमला: लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज निर्माणाधीन रोहड़ू-डोडरा-क्वार सड़क परियोजना का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। निरीक्षण के उपरांत डोडरा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि चिड़गांव-डोडरा-क्वार सड़क का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर लगभग 45 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र की वर्षों पुरानी सड़क सुविधा की आवश्यकता पूरी होगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में केंद्र सरकार के साथ हुई बैठक में डोडरा-क्वार क्षेत्र की सड़क परियोजनाओं का विषय प्रमुखता से उठाया गया। क्षेत्र की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, सीमित कार्य अवधि तथा प्रतिकूल मौसम को देखते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-1 के शेष कार्यों की समय-सीमा मार्च, 2027 तक बढ़ाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे परियोजना को निर्धारित गुणवत्ता के साथ पूरा करने में सहायता मिलेगी। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि रोहड़ू-चिड़गांव सड़क के निर्माण पर भी लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से कार्य प्रगति पर है तथा इसे भी निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि डोडरा-क्वार को उत्तराखंड से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से भी चर्चा की गई है। हिमाचल प्रदेश के अधिकार क्षेत्र में आने वाले हिस्से का निर्माण कार्य भी शीघ्र पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की अन्य संपर्क सड़कों के लिए भी पर्याप्त वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की गई हैं। इनमें कितरवाड़ी संपर्क सड़क के लिए लगभग 4.50 करोड़ रुपये, जिसकुन-जाखा सड़क के लिए 10.50 करोड़ रुपये तथा जड़कोट सड़क के लिए लगभग 4 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर इन परियोजनाओं पर कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि डोडरा-चमडार सड़क का निर्माण लगभग 5.50 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डोडरा के भवन निर्माण पर अब तक लगभग 3.50 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं। उन्होंने विद्यालय के शेष विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि यहां के स्कूल का नाम स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के नाम पर रखने का आग्रह प्राप्त हुआ है जिसके लिए मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री से बात कर उसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में एसडीएम कार्यालय एवं आवास का निर्माण कार्य लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से अंतिम चरण में है। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह के निर्माण पर भी लगभग 3 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि डोडरा-क्वार क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों पर वर्तमान में लगभग 70 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया है और क्षेत्र की जनता की सभी जायज मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डोडरा-क्वार क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद यहां पर्यटन गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में चांशल घाटी को रोपवे से जोड़ने की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक कृषि को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने तथा अपनी पारंपरिक जीवनशैली और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने लोक निर्माण मंत्री का डोडरा-क्वार क्षेत्र में पधारने पर स्वागत किया तथा क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक आवश्यकताओं और जनसमस्याओं से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह का योगदान अविस्मरणीय है और यहां के लोग उनके विकास कार्यों को सदैव याद रखेंगे। जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत, सुनीं जनसमस्याएं डोडरा-क्वार प्रवास के दौरान लोक निर्माण मंत्री का रोहड़ू, सीमा, बड़ियारा, मांदली पुल, सुंधा, चिड़गांव, संदासू, गुम्मा, टिक्करी, खरशाली, शिलादेश तथा लडोट सहित विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।