हमीरपुर: क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक 12 अगस्त को सुबह 11 बजे क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय हमीरपुर में होगी।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजीव ठाकुर ने बताया कि वाहन मालिकों और अन्य संबंधित व्यक्तियों की ओर से 20 जुलाई तक प्राप्त आवेदनों पर क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण इस बैठक में निर्णय लेगी। राजीव ठाकुर ने संबंधित वाहन मालिकों और अन्य आवेदकों से इस बैठक में सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित रहने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि बस परमिट और अन्य परमिटों के ट्रांसफर से संबंधित मामलों में दोनों पार्टियों यानि क्रेता एवं विक्रेता का क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के समक्ष उपस्थित होना अनिवार्य होगा अन्यथा उक्त मामलों में कोई भी निर्णय नहीं लिया जाएगा।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि नए प्रकाशित स्टेज कैरिज बस परमिट (टैम्पो ट्रैवलर) का आवंटन ड्रा निकालकर किया जाएगा। ड्रा के समय आवेदक का स्वयं या उसकी ओर से किसी अधिकृत या नामित व्यक्ति का उपस्थित रहना अनिवार्य है, अन्यथा उसका आवेदन ड्रा में शामिल नहीं किया जाएगा और यह आवेदन स्वतः ही रद्द समझा जाएगा।